Amagi Media Labs का IPO 13 जनवरी, 2026 को खुलेगा और 16 जनवरी को बंद होगा। कंपनी ने इसका प्राइस बैंड 343–361 रुपये तय किया है। अपर प्राइस बैंड पर इश्यू साइज करीब 1,789 करोड़ रुपये का है, जिसमें 816 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और करीब 973 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल है।
अमागी आईपीओ (इमेज क्रेडिट, ओपन एआई)
क्या करती है कंपनी
Amagi Media Labs एक IT–SaaS कंपनी है, जो मीडिया कंपनियों को क्लाउड नेटिव टेक्नोलॉजी के जरिए कंटेंट डिस्ट्रीब्यूशन और एड मॉनेटाइजेशन का एंड-टू-एंड सॉल्यूशन देती है। OTT, FAST और CTV प्लेटफॉर्म पर कंपनी का मजबूत नेटवर्क है। 40 से ज्यादा देशों में इसकी मौजूदगी है और टॉप 50 ग्लोबल मीडिया कंपनियों में से करीब 45% के साथ इसका कामकाज जुड़ा हुआ है।
ग्रोथ और फाइनेंशियल ट्रैक रिकॉर्ड
रेवेन्यू के मोर्चे पर कंपनी की ग्रोथ लगातार मजबूत रही है। वित्त वर्ष 2023-24 में 681 करोड़ रुपये का रेवेन्यू वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़कर 1,163 करोड़ रुपये पहुंच गया है। हालांकि कंपनी अब तक घाटे में रही है, लेकिन वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में EBITDA और PAT ब्रेक-ईवन के बेहद करीब पहुंच चुके हैं। इससे FY26 में पूरे साल के आधार पर प्रॉफिटेबिलिटी की उम्मीद मजबूत होती दिख रही है।
ब्रोकरेज की राय क्या कहती है
SBI Securities ने Amagi Media Labs IPO पर Neutral रेटिंग दी है। ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी FY26 में पहली बार पूरे साल के लिए मुनाफे में आ सकती है। हालांकि, नॉर्थ अमेरिका में मीडिया और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में चल रही कंसॉलिडेशन प्रक्रिया कंपनी की प्राइसिंग पावर पर दबाव डाल सकती है। वैल्यूएशन के लिहाज से अपर प्राइस बैंड 361 रुपये पर यह IPO करीब 6.7x FY25 प्राइस-टू-सेल्स पर आ रहा है, जिसे ब्रोकरेज पूरी तरह आकर्षक नहीं मान रहा।
रिस्क फैक्टर भी समझें
कंपनी की करीब 73% से ज्यादा कमाई अमेरिका रीजन से आती है, जिससे जियोग्राफिकल कंसन्ट्रेशन एक बड़ा जोखिम बनता है। इसके अलावा, थर्ड-पार्टी क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर और टेक्नोलॉजी पर ज्यादा निर्भरता किसी भी टेक्निकल फेल्योर की स्थिति में बिजनेस पर असर डाल सकती है।
GMP क्या संकेत दे रहा है
ग्रे मार्केट में Amagi Media Labs IPO को लेकर हल्की पॉजिटिव हलचल जरूर दिख रही है, लेकिन GMP बहुत आक्रामक नहीं है। Amagi Media Labs IPO का लेटेस्ट GMP ₹17 पर पहुंच गया है। यह अपडेट 12 जनवरी 2026, सुबह 11:31 बजे का है। 361 रुपये के अपर प्राइस बैंड के मुकाबले ग्रे मार्केट के हिसाब से अनुमानित लिस्टिंग प्राइस करीब ₹378 बनता है।
निवेशकों के लिए क्या रणनीति
जो निवेशक सिर्फ लिस्टिंग गेन की तलाश में हैं, उनके लिए यह IPO थोड़ा संतुलित नजरिया मांगता है। वहीं, SaaS, OTT और CTV इकोसिस्टम की लॉन्ग टर्म ग्रोथ स्टोरी पर भरोसा रखने वाले निवेशक Amagi Media Labs को लिस्टिंग के बाद भी ट्रैक कर सकते हैं। खासकर आने वाले कुछ तिमाहियों के नतीजे इस स्टॉक की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
डिस्क्लेमर: ग्रे मार्केट प्रीमियम किसी भी तरह से SEBI या स्टॉक एक्सचेंज द्वारा मान्यता प्राप्त नहीं है। TimesNow Hindi किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले निवेशकों को अपनी रिसर्च या विशेषज्ञ की सलाह जरूर लेनी चाहिए।
