SMS Scam In Chandni Chowk: बैंक खाते में जब भी पैसा आता है, तो लोगों को बड़ी खुशी होती है। फिर चाहे वे पैसा सैलरी का आए या बिजनेस में किसी ने पेमेंट की हो, बैंक खाते के क्रेडिट होने का मैसेज सुकून देता है। मगर अब जालसाज यहां भी आपका सुकून छीन सकते हैं। दरअसल जिस तरह का मैसेज आपको पैसे कटने या जमा होने पर बैंक से आता है, कुछ उसी तरह का फर्जी मैसेज जालसाज भेज रहे हैं।
चांदनी चौक में फर्जी एसएमएस घोटाला
पेमेंट रिसीव करने वाले को लगता है कि पैसा आ गया, मगर असल में बैंक में पैसा जमा ही नहीं किया जाता। इस तरह की एक घटना दिल्ली के चांदनी चौक के ज्वैलर नवल किशोर खंडेलवाल के साथ घटी है, जो कूचा महाजनी में 5 दशक पुरानी ज्वेलरी शॉप चलाते हैं। आगे जानिए कैसे उनके साथ ठगी की गई और कैसे आप इस फ्रॉड से बच सकते हैं।
कैसे हुई फ्रॉड की शुरुआत
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार हाल ही में खंडेलवाल अयोध्या गए थे। इस दौरान एक व्यक्ति ने उनकी दुकान पर फोन किया और उनके बेटों से 15 ग्राम सोने की चेन के लिए डील कर ली। मगर उस व्यक्ति ने कहा कि वह उनकी दुकान पर नहीं आ पाएगा। इसलिए उसने इंटरनेट बैंकिंग डिटेल मांगी ताकि वह ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कर सके।
थोड़ी देर बाद खंडेलवाल को फोन पर मैसेज आया कि बैंक खाते में 93,400 रु आ गए हैं। उसने स्क्रीनशॉट अपने बेटों को भेजा और उसके बाद सोने की चेन व्यक्ति ने जो एडरेस बताया था उस पर भेज दी गई।
फिर खरीदी 30 ग्राम की चेन
अगले दिन, उसी व्यक्ति ने फोन कर 30 ग्राम सोने की चेन मांगी। प्रॉसेस वही रही। खंडेलवाल को एसएमएस मिला कि खाते में 1,95,400 रु आ गए हैं। ये सोने की चेन भी भेजी दी गई। खास बात यह है कि उस जालसाज ने मेट्रो स्टेशन के पास चेन की डिलिवरी करने को कहा। यानी उसने अपना ऐसा एडरेस नहीं दिया, जिससे वो पकड़ा जाए।
ऐसे फूटा फ्रॉड का भांडा
इस फ्रॉड का भांडा तब फूटा जब खंडेलवाल ने बैंक की मोबाइल ऐप पर अपना अकाउंट स्टेटमेंट चेक किया। उसे पता चला कि असल में तो पैसा जमा ही नहीं किया गया है। उन्होंने एसएमएस देखे जिनमें पैसे क्रेडिट होने का जिक्र था। तब उन्हें पता चला कि एसएमएस सही फॉर्मेट में तो हैं मगर वास्तव में बैंक की तरफ से नहीं आए हैं, उनका नंबर अलग है।
अहम बात यह है कि इस तरह का फ्रॉड केवल खंडेलवाल के साथ नहीं हुआ, बल्कि कई ज्वैलरों को इसी तरह ठगा गया है। यह ठगी किसी के भी साथ हो सकती है।
आप कैसे बचें
इसका एक तरीका है कि पैसे क्रेडिट होने का मैसेज आने पर फौरन अपना बैंक स्टेटमेंट चेक करें। ये काम आप आसानी से बैंक की मोबाइल ऐप की मदद से कर सकते हैं। उसके बाद ही आगे की लेन-देन करें।
