फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) आज भी उन लोगों के बीच निवेश का लोकप्रिय विकल्प है, जो अपने पैसे को सुरक्षित रखते हुए निश्चित रिटर्न पाना चाहते हैं। FD में निवेश करते समय ज्यादातर लोग केवल ब्याज दर और निवेश की अवधि पर ध्यान देते हैं। हालांकि, FD पर मिलने वाले ब्याज को पाने का तरीका भी मायने रखता है। बैंक ग्राहकों को ब्याज (FD Interest) लेने के अलग-अलग विकल्प देते हैं। इनमें मासिक, तिमाही, मैच्योरिटी और संचयी (Cumulative) विकल्प शामिल हैं। हर विकल्प का अपना फायदा है। आइए समझते हैं आपके लिए कौन-सा ऑप्शन ज्यादा बेहतर है?
4 तरीकों से मिलता है एफडी ब्याज (AI Generated Image)
FD में ब्याज लेने के 4 विकल्प
हर महीने ब्याज लेने का विकल्प
अगर आप चाहते हैं कि FD पर मिलने वाला ब्याज हर महीने आपके बैंक खाते में आए तो मासिक भुगतान का विकल्प चुन सकते हैं। यह उन लोगों के लिए है, जिन्हें घर के खर्च, दवाइयों या दूसरे जरूरी कामों के लिए नियमित आमदनी की जरूरत होती है। हालांकि, इस विकल्प में बैंक ब्याज का भुगतान डिस्काउंटेड दर पर कर सकता है। इसमें ब्याज पर ब्याज मिलने का फायदा भी नहीं मिलता।
हर तीन महीने में ब्याज का भुगतान
इस विकल्प में बैंक हर तीन महीने यानी तिमाही आधार पर ब्याज आपके खाते में जमा करता है। इसमें ब्याज की गणना साधारण ब्याज (Simple Interest) के आधार पर होती है। जो लोग हर महीने ब्याज नहीं चाहते, लेकिन नियमित अंतराल पर अतिरिक्त आमदनी चाहते हैं, उनके लिए यह विकल्प काम का साबित हो सकता है।
मैच्योरिटी पर ब्याज भुगतान
कई बार ग्राहक मैच्योरिटी पर मिलने वाले ब्याज और संचयी ब्याज (Cumulative Interest) के विकल्प को एक जैसा समझ लेते हैं, जबकि दोनों में अंतर होता है। मैच्योरिटी पर ब्याज भुगतान का विकल्प केवल 180 दिन यानी 6 महीने की FD के लिए ऑफर किया जाता है। इस विकल्प में ब्याज की गणना साधारण ब्याज (Simple Interest) के आधार पर की जाती है।
संचयी ब्याज (Cumulative Interest) का विकल्प
अगर आपको नियमित रूप से ब्याज की जरूरत नहीं है और आप अपनी बचत बढ़ाना चाहते हैं, तो यह विकल्प बेहतर हो सकता है। इसमें मिलने वाला ब्याज हर तिमाही मूल रकम में जुड़ जाता है। अगली तिमाही में नई कुल रकम पर ब्याज की गणना होती है। इसे चक्रवृद्धि ब्याज कहते हैं। इस तरह मैच्योरिटी पर मूल रकम के साथ पूरा जमा ब्याज मिलता है।
आपके लिए कौन-सा विकल्प सबसे बेहतर
FD का ब्याज लेने का विकल्प अपनी जरूरत के हिसाब से चुनना चाहिए। नियमित आमदनी के लिए मासिक या तिमाही पेमेंट बेहतर ऑप्शन है। वहीं, भविष्य के किसी बड़े खर्च के लिए बचत करनी है, तो संचयी विकल्प पर विचार कर सकते हैं। हालांकि, निवेश से पहले बैंक की ब्याज दर, भुगतान की शर्तें और टैक्स से जुड़े नियम जरूर जांचें।
