दिसंबर का महीना शुरू होते ही शेयर बाजार फिर से सरगर्म होने वाला है। मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि दिसंबर 2025 प्राइमरी मार्केट के इतिहास का सबसे बिज़ी महीना साबित हो सकता है। वजह है इस महीने के पहले सप्ताह में 3 मेनबोर्ड IPO, 8 SME IPO और इसके साथ ही 6 नई कंपनियों की लिस्टिंग होने जा रही है। GDP ग्रोथ के मजबूत आंकड़ों और सकारात्मक माहौल की वजह से निवेशकों का उत्साह भी चरम पर है। कुल मिलाकर शेयर बाजार दिसंबर की शुरुआत आईपीओ के धमाके के साथ करने वाला है।
Meesho का IPO हफ़्ते का सबसे बड़ा इश्यू
सबसे ज्यादा चर्चा जिस कंपनी की है, वह है ग्लोबल निवेशकों का समर्थन पाने वाला Meesho का मेनबोर्ड IPO। यह अगले हफ्ते प्राइमरी मार्केट का सबसे बड़ा IPO होगा। कंपनी नए शेयर जारी करके और ओएफएस (Offer for Sale) के जरिए कुल 5,421.2 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। Meesho ने अपना प्राइस बैंड ₹105–₹111 प्रति शेयर तय किया है। 8 दिसंबर को अलॉटमेंट फाइनल होने के बाद 10 दिसंबर को शेयर बाजार में इसकी लिस्टिंग होने की उम्मीद है। इस IPO के जरिए कुछ पुराने शेयरधारक भी अपनी हिस्सेदारी का एक हिस्सा बेचेंगे।
Equus IPO
Meesho के बाद, दूसरा बड़ा IPO है Equus, जो 3 दिसंबर को खुलने जा रहा है। कंपनी नए शेयरों और OFS के जरिए कुल ₹921.81 करोड़ जुटाएगी। Equus का प्राइस बैंड ₹118–₹124 प्रति शेयर तय किया गया है। रिटेल निवेशकों के लिए न्यूनतम आवेदन 120 शेयर का होगा। 8 दिसंबर को अलॉटमेंट और 10 दिसंबर को बाजार में इसकी लिस्टिंग तय की गई है।
Vidya Wires
विद्या वायर्स भी इसी दिन यानी 3 दिसंबर को अपना IPO लॉन्च करेगी। कंपनी वाइंडिंग और कंडक्टिविटी प्रोडक्ट्स बनाती है और इस इश्यू के जरिए ₹300 करोड़ जुटाएगी। इसका प्राइस बैंड ₹48–₹52 रखा गया है। अलॉटमेंट 8 दिसंबर को होगा और 10 दिसंबर को इसकी लिस्टिंग की जाएगी। विद्या वायर्स भी बाकी कंपनियों की तरह नए शेयरों और ओएफएस दोनों के माध्यम से फंड इकट्ठा कर रही है।SME सेक्टर में 8 IPO एक साथ
इस हफ्ते SME सेगमेंट में सबसे ज्यादा हलचल रहने वाली है क्योंकि 8 छोटी कंपनियाँ IPO लेकर आने वाली हैं। इनमें विभिन्न सेक्टर शामिल हैं जैसे फूड प्रोसेसिंग, डायग्नोस्टिक्स, चिपकने वाले उत्पाद (Adhesives), सिक्योरिटी सर्विसेज, टूरिज्म, केमिकल सॉल्यूशंस और कंज्यूमर प्रोडक्ट्स।
1 दिसंबर से खुलने वाले SME IPO
- Astron Multigrain
- Invicta Diagnostic
- Spab Adhesives
- Clear Secured Services
- Revelcare
2 दिसंबर को खुलने वाले IPO
- Helloji Holidays
- Neochem Bio Solutions
4 दिसंबर को खुलेगा
Luxury Time. इन सभी SME कंपनियों का मकसद है अपने बिज़नेस विस्तार, वर्किंग कैपिटल और सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों के लिए पैसा जुटाना। SME सेगमेंट में लगातार बढ़ती दिलचस्पी यह दिखाती है कि छोटे और मिड-साइज बिज़नेस भी निवेशकों के लिए आकर्षक बनते जा रहे हैं।
इस हफ्ते 6 कंपनियों की होगी लिस्टिंग
नए आईपीओ के साथ ही अगले हफ्ते शेयर बाजार में कई नई कंपनियों की एंट्री भी होने वाली है। 2 दिसंबर को SSMD Agrotech India की लिस्टिंग होगी, जबकि Mother Nutri Foods और KK Silk Mills 3 दिसंबर को बाजार में डेब्यू करेंगी। इसके बाद 5 दिसंबर को Exato Technologies, Logiciel Solutions और Purple Wave Infocom की लिस्टिंग तय है। ये सभी कंपनियां BSE SME एक्सचेंज पर लिस्ट होंगी, जिससे SME सेगमेंट में इस सप्ताह गतिविधि और भी बढ़ने वाली है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
