चीन की मोटरसाइकिल कंपनी ZXMOTO के संस्थापक झांग शुए ने एक ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिस पर यकीन करना मुश्किल है। उन्होंने अपनी मॉडिफाइड मोटरसाइकिल को खुले पानी पर 40.74 किलोमीटर तक चलाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने पानी पर मोटरसाइकिल चलाने का पिछला रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
17 साल पहले सिर्फ 20 मीटर तक चली थी बाइक/Photo- x.com/iChongqing_CIMC
31.8 KM का पुराना रिकॉर्ड टूटा
झांग शुए ने रविवार को चीन के हुनान प्रांत के हुआइहुआ शहर स्थित अपने गृह क्षेत्र मायांग मियाओ स्वायत्त काउंटी में यह रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने मॉडिफाइड MX450 मोटरसाइकिल को पानी पर चलाकर कुल 40.74 किलोमीटर की दूरी तय की। इससे पहले यह रिकॉर्ड 31.8 किलोमीटर का था। इस तरह झांग ने पुराने रिकॉर्ड को काफी पीछे छोड़ दिया।
बाइक में किए गए थे खास बदलाव
पानी पर मोटरसाइकिल चलाना सामान्य सड़क पर बाइक चलाने से बिल्कुल अलग और जोखिम भरा काम है। इसके लिए झांग की MX450 में खास बदलाव किए गए थे। बाइक में पानी पर तैरने के लिए फ्लोटेशन सिस्टम लगाया गया था। साथ ही, जरूरी हिस्सों को पानी से सुरक्षित रखने के लिए वॉटरप्रूफिंग भी की गई थी।
इस चुनौती की शुरुआत सुबह 11 बजे नदी में बनाए गए एक विशेष रूट पर हुई। झांग ने छह चक्कर पूरे करते हुए निर्धारित दूरी तय की। इस दौरान उन्हें तेज मोड़ लेने और लंबे समय तक बाइक चलाने से होने वाली शारीरिक थकान का सामना करना पड़ा। हालांकि, उन्होंने सफलतापूर्वक फिनिश लाइन पार कर ली।
सुरक्षा के लिए तैनात थीं रेस्क्यू टीमें
इस रिकॉर्ड प्रयास के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। नदी में रेस्क्यू बोट और मेडिकल टीमें तैनात थीं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने GPS ट्रैकिंग, समय से जुड़े आंकड़ों और वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच की। गिनीज के निर्णायक अधिकारी श्योंग वेन ने मौके पर ही रिकॉर्ड की पुष्टि की।
17 साल पहले सिर्फ 20 मीटर तक चली थी बाइक
इस उपलब्धि के पीछे झांग की 17 साल की कोशिश और मेहनत भी छिपी है। जब वह 22 साल के थे, तब उन्होंने पहली बार मोटरसाइकिल को पानी पर चलाने का प्रयास किया था। उस समय तकनीक और बाइक के डिजाइन की सीमाओं के कारण उनके चारों प्रयास असफल रहे थे। तब वह सबसे ज्यादा केवल 20 मीटर की दूरी ही तय कर पाए थे।
इस बार रिकॉर्ड बनाने के लिए उनकी टीम ने पांच महीने तक तैयारी की। इस दौरान बाइक की तैरने की क्षमता, वॉटरप्रूफ सीलिंग और इंजन की पावर के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर काम किया गया। स्थिरता से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए पानी में बार-बार परीक्षण भी किए गए।
गृह क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ावा देने की भी जिम्मेदारी
रिकॉर्ड बनाने से एक दिन पहले झांग शुए को हुआइहुआ का पर्यटन राजदूत नियुक्त किया गया था। शहर के अधिकारियों ने मोटरसाइकिल उद्योग के प्रति उनके समर्पण की सराहना की और उनसे स्थानीय पर्यटन तथा उत्पादों को बढ़ावा देने में मदद करने की अपील की। झांग ने स्थानीय प्रशासन के सहयोग के लिए आभार जताया और कहा कि वह अपने कारोबारी संपर्कों का इस्तेमाल कर क्षेत्र के विकास में योगदान देने की कोशिश करेंगे।
