जिस Ignis को भारत में अप्रैल 2026 में बंद कर दिया गया था, वह अब नए अवतार में वापसी करने जा रही है। हालांकि, इस बार कहानी थोड़ी अलग है। Suzuki ने Ignis नाम को फिर से जिंदा किया है, लेकिन अब यह पेट्रोल नहीं बल्कि इलेक्ट्रिक कार होगी। नई Suzuki Ignis EV को यूरोप समेत दूसरे ग्लोबल बाजारों में 2027 की गर्मियों से बिक्री के लिए उतारा जाएगा। इसमें 26kWh की बैटरी मिलेगी, जो एक बार चार्ज करने पर 310 किलोमीटर तक चलने का दावा करती है।
पहले से छोटी, लेकिन ज्यादा ऊंची होगी इलेक्ट्रिक Ignis/Photo- Social Media
310Km की रेंज, 91hp की इलेक्ट्रिक पावर
नई Suzuki Ignis EV को कंपनी के EV-स्पेसिफिक HEARTECT-e प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। यही प्लेटफॉर्म कंपनी की e Vitara में भी इस्तेमाल किया गया है। इस इलेक्ट्रिक कार में 26kWh की LFP बैटरी दी गई है। कंपनी के मुताबिक, यह WLTP साइकिल पर 310 किलोमीटर तक की रेंज दे सकती है। इसमें फ्रंट एक्सल पर इलेक्ट्रिक मोटर लगाई गई है, जो 91hp की पावर और 133Nm का टॉर्क जनरेट करती है।
चार्जिंग की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। हालांकि, इसके कॉन्सेप्ट मॉडल Vision E-Sky में 50kW DC फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट दिया गया था। इससे बैटरी को 25 मिनट में 0 से 80 फीसदी तक चार्ज किया जा सकता है।
पहले से छोटी, लेकिन ज्यादा ऊंची होगी इलेक्ट्रिक Ignis
डिजाइन की बात करें तो नई Ignis EV में आगे LED DRL और पीछे उनसे मिलती-जुलती LED टेललाइट्स दी गई हैं। इसके अलावा रूफ-माउंटेड स्पॉयलर, रियर वाइपर और वॉशर भी मिलता है। पुरानी पेट्रोल Ignis के मुकाबले इसका इलेक्ट्रिक मॉडल 130mm छोटा और 125mm ज्यादा पतला है। हालांकि, इसकी ऊंचाई 40mm ज्यादा है और व्हीलबेस भी 25mm लंबा रखा गया है। इससे कार का साइज कॉम्पैक्ट रहेगा और केबिन में उपयोगी जगह मिलने की उम्मीद है।
केबिन में मिलेगी 10.1 इंच की स्क्रीन
Ignis EV के केबिन में 10.1 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। इसके साथ सेमी-डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और फिजिकल बटन वाला 3-स्पोक स्टीयरिंग व्हील मिलता है। डैशबोर्ड पर टच-बेस्ड AC कंट्रोल, वॉल्यूम एडजस्ट करने के लिए फिजिकल स्क्रोलर और कप होल्डर दिए गए हैं। सेंटर कंसोल में 45W चार्जिंग पोर्ट और स्टोरेज स्पेस मिलता है। इसमें पुश-बटन स्टार्ट/स्टॉप और फ्रंट हीटेड सीट जैसे फीचर्स भी मिल सकते हैं।
क्या भारत आएगी Suzuki Ignis EV?
फिलहाल कंपनी ने भारत में Ignis EV लॉन्च करने की पुष्टि नहीं की है। भारत में पेट्रोल Ignis को अप्रैल 2026 में बंद कर दिया गया था। ऐसे में इलेक्ट्रिक मॉडल को भी किसी दूसरे नाम से पेश किया जा सकता है।
दिलचस्प बात यह है कि Maruti Suzuki एक किफायती इलेक्ट्रिक हैचबैक पर काम कर रही है, जिसका कोडनेम Y2V है। Ignis EV इसी सेगमेंट में फिट हो सकती है। अगर इसे भारत में लॉन्च किया जाता है तो इसका मुकाबला MG Comet EV जैसी छोटी इलेक्ट्रिक कारों से हो सकता है।
