ऑटो न्यूज़

टाटा मोटर्स 14 सितंबर को लॉन्च करेगी नई नैक्सॉन और नैक्सॉन ईवी! जानें सब कुछ

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Aug 25, 2023, 04:31 PM IST

Tata Motors 14 सितंबर को भारतीय मार्केट में नई Nexon EV और Nexon Facelift लॉन्च करने वाली है। ये दोनों नई कारें बड़े बदलावों के साथ पेश की जाएंगी जिनके ज्यादातर फीचर्स समान होने के कयास लगाए जा रहे हैं।

Image

जानकारी मिली है कि कंपनी 14 सितंबर को ये दोनों कारें भारतीय मार्केट में लॉन्च करने वाली है।

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • 14 सितंबर को आ रहीं 2 टाटा कारें
  • नैक्सॉन फेसलिफ्ट और नैक्सॉन ईवी
  • जोरदार फीचर्स से लैस होगी एसयूवी

Nexon And Nexon EV Facelift Launch Date: टाटा मोटर्स लंबे समय से ग्राहकों के बीच पॉपुलर नैक्सॉन एसयूवी और नैक्सॉन ईवी की टेस्टिंग कर रही है। अब जानकारी मिली है कि कंपनी 14 सितंबर को ये दोनों कारें भारतीय मार्केट में लॉन्च करने वाली है। नैक्सॉन के ईंधन से चलने वाले मॉडल और इलेक्ट्रिक मॉडल दोनों को एक जैसे नए फीचर्स मिलने वाले हैं। इसके अलावा स्टाइल और डिजाइन में होने वाले बदलाव भी लगभग समान ही होंगे, हालांकि ईवी को स्टैंडर्ड मॉडल से अलग बनाने के लिए कंपनी इसमें कुछ हाइलाइट्स देगी। इनके लॉन्च होते ही टाटा मोटर्स की बिक्री में जोरदार इजाफा देखने को मिलेगा।

टाटा नैक्सॉन ईवी फेसलिफ्ट

टाटा मोटर्स ने जब से नैक्सॉन ईवी मार्केट में लॉन्च की है, तब से ये भारत की सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार बनी हुई है। कंपनी ने बिक्री में नया आंकड़ा छू लिया है, लॉन्च के 4 साल में ही 50,000 ग्राहकों ने इस ईवी को खरीद लि है। ये इलेक्ट्रिक एसयूवी दो वर्जन - प्राइम और मैक्स में उपलब्ध है और इसकी शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 14.49 लाख रुपये है जो 19.54 लाख तक जाती है। मई 2022 में लॉन्च हुई नैक्सॉन ईवी मैक्स के साथ 40.5 किलोवाट बैटरी पैक दिया गया है जो स्टैंडर्ड नैक्सॉन से काफी दमदार है।

सिंगल चार्ज में कितना चलेगी

नैक्सॉन ईवी की रेंज 312 किमी है, वहीं नैक्सॉन ईवी मैक्स आपको सिंगल चार्ज में 437 किमी तक रेंज देती है। स्टैंडर्ड वर्जन के मुकाबले नैक्सॉन ईवी मैक्स को चार्ज करना भी आसान है और 7 घंटे में ये एसयूवी 7.2 किलोवाट फास्ट चार्जर से चार्ज हो जाती है। कंपनी ने इस इलेक्ट्रिक एसयूवी को सिर्फ जेडएक्स प्लस ल्यूक्स ट्रिम में पेश किया है। अगर आप इस कार के 7.2 किलोवाट एसी वॉल बॉक्स चार्जर को भी खरीद की लिस्ट में शामिल करेंगे तो आपको इसके लिए 19.54 लाख रुपये खर्चने होंगे, यानी ये चार्जर 50,000 रुपये ज्यादा कीमत पर मिल रहा है।

नैक्सॉन फेसलिफ्ट एसयूवी

टाटा मोटर्स लगातार नई नैक्सॉन फेसलिफ्ट की टेस्टिंग देश की सड़कों पर कर रही है। कंपनी इस कार को केबिन से तो लगभग पूरी तरह बदलने वाली है, लेकिन इसके एक्सटीरियर में हुए बदलाव आपको बहुत प्रभावित करेंगे। नई कार में स्टीयरिंग व्हील पर मिलने वाले डिस्प्ले का खुलासा हो चुका है, वहीं नैक्सॉन फेसलिफ्ट को मल्टी लेयर हेडलैंप्स भी दिए जाने वाले हैं। पहले से खूबसूरत इस सबकॉम्पैक्ट एसयूवी को अब और भी जोरदार स्टाइल और डिजाइन में पेश किया जाने वाला है।

किन फीचर्स से लैस होगी एसयूवी?

नई टाटा नैक्सॉन फेसलिफ्ट के केबिन में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। इनमें सबसे दिलचस्प बड़े साइज का नया टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम नजर आ रहा है जो मौजूदा एसयूवी में मिलने वाले 7-इंच टचस्क्रीन सिस्टम से बड़ा है। इसके अलावा हाल में कंपनी ने हैरियर और सफारी रेड डार्क एडिशन में जो पतला इंटरफेस दिया है, वो भी नई नैक्सॉन फेसलिफ्ट के साथ दिया जा सकता है। कंपनी ने यहां नई दो स्पोक वाली फ्लैट बॉटम स्टीयरिंग व्हील दी है जो टाटा कर्व कॉन्सेप्ट से प्रेरित लगती है।

कैसा होगा इंटीरियर और इंजन

नई नैक्सॉन के साथ अपडेटेड इंटीरियर मिलने वाला है जो नई अपहोल्स्ट्री और डैशबोर्ड डिजाइन के साथ आएगा। यहां 10.25-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिल सकता है जो नए पूरी तरह डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर का साथी बनेगा। 2023 नैक्सॉन को 1.5-लीटर डीजल इंजन मिल सकता है जो 108 बीएचपी ताकत और 260 एनएम पीक टॉर्क बनाता है। टाटा मोटर्स यहां नया 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन भी दे सकती है जो 123 बीएचपी ताकत और 225 एनएम पीक टॉर्क बनाता है।

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article