टाटा मोटर्स अपने इलेक्ट्रिक व्हीकल पोर्टफोलियो को बढ़ाने की तैयारी कर रही है। कंपनी 2027 के अंत तक कई नई एसयूवी लॉन्च कर सकती है, जिनमें इलेक्ट्रिक व्हीकल पर कंपनी का खास फोकस रहेगा। इसी रणनीति के तहत टाटा सफारी ईवी और बिल्कुल नई टाटा अविन्या को 2027 की पहली छमाही में लॉन्च किया जाएगा। वहीं, रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी टाटा कुनो ईवी और टाटा स्कारलेट नाम से पहचानी जा रही दो नई एसयूवी पर भी काम कर रही है। ये मॉडल 2027-28 के दौरान बाजार में एंट्री ले सकते हैं।
Tata Kuno EV 2027-28 में हो सकती है लॉन्च (AI Generated Image) प्रतिकात्मक इमेज
नेक्सन ईवी और सिएरा ईवी के बीच होगी पोजिशन
टाटा कुनो ईवी कंपनी की नई मिडसाइज इलेक्ट्रिक एसयूवी हो सकती है। इसकी लंबाई करीब 4.3 मीटर रहने की उम्मीद है। इसे टाटा नेक्सन ईवी से ऊपर और सिएरा ईवी से नीचे पोजिशन किया जाएगा। कंपनी की योजना वित्त वर्ष 2031 तक अपने इलेक्ट्रिक मॉडल की संख्या 6 से बढ़ाकर 10 करने की है। ऐसे में कुनो ईवी इस विस्तार रणनीति का अहम हिस्सा हो सकती है। इस इलेक्ट्रिक एसयूवी का उत्पादन गुजरात स्थित कंपनी के साणंद प्लांट में किए जाने की संभावना है।
इन इलेक्ट्रिक एसयूवी से होगा मुकाबला
लॉन्च होने के बाद टाटा कुनो ईवी का मुकाबला एमजी विंडसर ईवी से होगा, जिसकी एक्स-शोरूम कीमत 14.85 लाख रुपये से 19.15 लाख रुपये के बीच है। इसके अलावा यह किआ सिरोस ईवी और मारुति सुजुकी ई विटारा को भी टक्कर दे सकती है। वहीं, ज्यादा कीमत वाले सेगमेंट में इसका मुकाबला हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक और एमजी जेडएस ईवी से होगा।
Acti.ev प्लेटफॉर्म पर होगी तैयार
टाटा कुनो ईवी के तकनीकी डिटेल्स अभी सामने नहीं आई हैं। हालांकि, इसे कंपनी के Acti.ev प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जा सकता है। इसी प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल पंच ईवी, कर्व ईवी, हैरियर ईवी और सिएरा ईवी में किया गया है। यह प्लेटफॉर्म FWD, RWD और AWD ड्राइवट्रेन को सपोर्ट करता है। साथ ही इसमें 150kW तक की DC फास्ट चार्जिंग की सुविधा मिल सकती है।
कितनी होगी बैटरी और रेंज?
कुनो ईवी में कर्व ईवी या सिएरा ईवी से मिलता-जुलता बैटरी और मोटर सेटअप मिल सकता है। कर्व ईवी में 55kWh बैटरी के साथ 167bhp की पावर और 215Nm का टॉर्क मिलता है। वहीं, सिएरा ईवी में 65kWh और 75kWh बैटरी विकल्प उपलब्ध हैं, जिनकी दावा की गई रेंज क्रमशः 535 किलोमीटर और 665 किलोमीटर तक है।
