Times Drive Auto Summit & Awards 2025: टाइम्स ड्राइव ऑटो समिट में मंगलवार को केंद्रीय परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी पहली 100 फीसद बायो-इथेनॉल फ्लेक्स फ्यूल कार से पहुंचे। इस दौरान उन्होंने इस कार के फायदे भी गिनाए। उन्होंने बताया कि पेट्रोल की तुलना में टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस फ्लेक्स फ्यूल पर्यावरण अनुकूल, लागत प्रभावी और स्थानीय रूप से निर्मित विकल्प है। इस कार्यक्रम में उन्होंने पराली से इथेनॉल बनाने वाली इंडियन ऑयल की पानीपत परियोजना का भी जिक्र किया।
क्या कुछ बोले नितिन गडकरी?
उन्होंने कहा कि मुझे आज हाइड्रोजन कार लेकर आना चाहिए था, लेकिन हाइड्रोजन भरने के लिए फरीदाबाद जाना पड़ता। इसलिए उसे मैं थोड़ा कम इस्तेमाल करता हूं, लेकिन मैं दुनिया की पहली 100 फीसद बायो-इथेनॉल फ्लेक्स फ्यूल कार से आया हूं।
नितिन गडकरी ने कहा कि इथेनॉल का रेट 60-70 रुपये है और पेट्रोल का 100 रुपये है। यह गाड़ी 60 फीसद बिजली अपने आप तैयार करती है। एवरेज के हिसाब से अगर पेट्रोल का रेट 25 रुपये लीटर आता है। फ्लेक्स इंजन में टाटा, महिंद्रा और टोयोटा पहले से थी। सुजुकी, हुंडई सहित 7-8 कंपनियां फ्लेक्स गाड़ियां लाने पर विचार कर रही है।
उन्होंने कहा कि इंडियन ऑयल ने इथेनॉल के 400 पंप शुरू किए हैं। इस दौरान उन्होंने बजाज द्वारा बनाए गए सीएनजी स्कूटर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे देश में क्रांति आएगी और हमारे देश का किसान महज अन्नदाता नहीं होगा, बल्कि ऊर्जादाता, ईंधन दाता, हवाई ईंधन दाता इत्यादि होगा।
