Nissan X Trail Vs Toyota Fortuner: कल यानी 1 अगस्त 2024 को निसान भारत में अपनी 7 सीटर SUV X-ट्रेल को लॉन्च करने वाली है। निसान X ट्रेल का मुकाबला भारत में धाक जमा चुकी टोयोटा फॉर्च्यूनर से होगा। फॉर्च्यूनर भी एक 7 सीटर कार है और भारत में इस कार को काफी ज्यादा पसंद किया जाता है। ऐसे में यह सवाल लाजमी हो जाता है कि क्या नई निसान X-ट्रेल फॉर्च्यूनर के बनाए दबदबे का सामना कर पाएगी या नहीं? फॉर्च्यूनर के मुकाबले निसान X ट्रेल में मिलने वाले फीचर्स ही यह तय करेंगे कि यह कार फॉर्च्यूनर से मुकाबला कर पाती है या नहीं।
बरकरार रहेगा फॉर्च्यूनर का दबदबा, या निसान की नई 7 सीटर मारेगी बाजी
निसान X-ट्रेल बनाम फॉर्च्यूनर: लंबाई और चौड़ाई
निसान X-ट्रेल की लंबाई 4.6 मीटर है जबकि फॉर्च्यूनर की लंबाई 4.7 मीटर है। कारों की चौड़ाई की बात करें तो निसान X ट्रेल 1.84 मीटर चौड़ी है जबकि टोयोटा फॉर्च्यूनर की चौड़ाई 1.85 मीटर है। निसान की 7 सीटर कार का व्हीलबेस 2705 मिलीमीटर है जबकि फॉर्च्यूनर का व्हीलबेस 2745 मिलीमीटर है।
निसान X-ट्रेल बनाम फॉर्च्यूनर: इंजन और ताकत
रिपोर्ट्स के अनुसार भारत में निसान X-ट्रेल को 1.5 लीटर के 3 सिलेंडर वाले टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ लॉन्च किया जाएगा। कार में CVT ट्रांसमिशन का इस्तेमाल किया जाएगा और यह एक फ्रंट व्हील ड्राइव कार होगी। दूसरी तरफ भारत में फॉर्च्यूनर 2.7 लीटर के 4 सिलेंडर वाले पेट्रोल इंजन और 2.8 लीटर के 4 सिलेंडर वाले डीजल इंजन ऑप्शंस के साथ मौजूद है। निसान X-ट्रेल का इंजन 163 हॉर्सपावर और 300nm का टॉर्क जनरेट करता है। दूसरी तरफ फॉर्च्यूनर का पेट्रोल इंजन 166 हॉर्सपावर और 245nm का टॉर्क जनरेट करता है जबकि डीजल इंजन 210 हॉर्सपावर और 500nm का टॉर्क जनरेट करता है।
निसान X-ट्रेल बनाम फॉर्च्यूनर: कीमत
जैसा कि हमने ऊपर बताया कि निसान X-ट्रेल को कल लॉन्च किया जाएगा और इसीलिए अभी इसकी कीमत के बारे में कुछ भी साफ नहीं है। हालांकि रिपोर्ट्स के अनुसार इस कार को 40 से 45 लाख की कीमत पर भारत में लॉन्च किया जा सकता है। दूसरी तरफ टोयोटा फॉर्च्यूनर की शुरुआती कीमत 33.43 लाख रुपये है और इसके टॉप मॉडल के लिए लगभग 51.44 लाख रुपये खर्च करने पड़ते हैं।
