निसान अपनी नई मिड-साइज एसयूवी Tekton को लेकर लगातार चर्चा में बनी हुई है। हाल ही में कंपनी ने इस अपकमिंग एसयूवी का नया टीजर जारी किया है, जिसके बाद इसे Baby Patrol के नाम से भी पहचान मिलने लगी है। दरअसल, Tekton का डिजाइन काफी हद तक Nissan की SUV Patrol से इंस्पायर्ड नजर आता है। कंपनी का कहना है कि Tekton को भारतीय ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। कंपनी ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि Nissan Tekton का ग्लोबल डेब्यू 9 जुलाई 2026 को मुंबई में किया जाएगा।
Nissan Tekton SUV
Nissan Patrol के दिखी Tekton
जारी किए गए टीजर में Nissan Tekton को फुल-साइज Nissan Patrol के साथ दिखाया गया है। इससे साफ संकेत मिलता है कि कंपनी अपनी नई SUV में Patrol जैसी दमदार मौजूदगी और डिजाइन डीएनए देना चाहती है।
Patrol जैसा नई एसयूवी का डिजाइन
टीजर में SUV का फ्रंट प्रोफाइल देखने को मिलता है, जिसमें चौड़ी ग्रिल, सीधा और मजबूत स्टांस, हॉरिजॉन्टल लाइटिंग सिग्नेचर और बोल्ड डिजाइन एलिमेंट्स नजर आते हैं। बोनट पर बड़े अक्षरों में TEKTON लिखा गया है, जबकि फ्रंट फेसिया में फुल-विड्थ LED लाइट बार और रोशन Nissan लोगो दिया गया है। यही डिजाइन इसे Patrol से जोड़ने का काम करता है।
अब तक सामने आए टीजर और स्पाई शॉट्स से पता चलता है कि Nissan Tekton को बॉक्सी प्रोफाइल, फ्लैट रूफलाइन, बड़े व्हील आर्च और मजबूत बॉडी क्लैडिंग के साथ तैयार किया गया है।
किन गाड़ियों से होगा मुकाबला
इसका आकार और स्टांस कई मौजूदा प्रतिद्वंद्वियों की तुलना में अधिक दमदार दिखाई देता है। कंपनी इस SUV को Hyundai Creta, Kia Seltos, Maruti Grand Vitara, Toyota Hyryder, Honda Elevate, Skoda Kushaq, Volkswagen Taigun, Renault Duster और Tata Sierra जैसे मॉडलों के मुकाबले उतारने की तैयारी कर रही है।
दमदार होंगे फीचर्स
फीचर्स की बात करें तो Tekton में ड्यूल डिजिटल डिस्प्ले, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, पैनोरमिक सनरूफ, वायरलेस स्मार्टफोन चार्जिंग, ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी मिलने की उम्मीद है। सुरक्षा के लिए इसमें छह एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, 360-डिग्री कैमरा और एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) जैसे फीचर्स भी दिए जा सकते हैं।
इंजन विकल्पों में नई Renault Duster वाले पावरट्रेन मिलने की संभावना है। एंट्री-लेवल मॉडल में 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिल सकता है, जबकि टॉप वेरिएंट्स में 1.3-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है। कंपनी भविष्य में स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वेरिएंट भी पेश कर सकती है।
9 जुलाई को होगा ग्लोबल डेब्यू
Nissan के लिए Tekton भारत में वापसी की रणनीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होगी। Gravite MPV के बाद कंपनी अब अपने SUV पोर्टफोलियो को मजबूत करने पर ध्यान दे रही है और Tekton को उसके सबसे अहम उत्पादों में से एक माना जा रहा है। 9 जुलाई के ग्लोबल डेब्यू के साथ इस SUV के बारे में और अधिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
