भारत की सबसे लोकप्रिय कॉम्पैक्ट एसयूवी में शामिल Maruti Suzuki Brezza जल्द ही अपडेटेड अवतार में लॉन्च होने जा रही है। लॉन्च से पहले इस एसयूवी की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जिनसे इसके डिजाइन और फीचर्स से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। नई Brezza में कंपनी ने बाहरी लुक में हल्के बदलाव करने के साथ-साथ केबिन में कई नए फीचर्स भी जोड़े हैं। खास बात यह है कि इसमें कुछ ऐसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है, जो अब तक दूसरे प्रतिद्वंद्वी मॉडल्स में मिलते आए हैं।
Maruti Suzuki Brezza Facelift जल्द होने जा रही लॉन्च
एक्सटीरियर में मिलेंगे नए बदलाव
नई Brezza का ओवरऑल डिजाइन पहले जैसा ही रहेगा, लेकिन इसे पहले से अधिक फ्रेश और प्रीमियम लुक देने के लिए कई बदलाव किए गए हैं। SUV में नया फ्रंट ग्रिल, अपडेटेड बंपर और रिवाइज्ड LED लाइटिंग एलिमेंट्स देखने को मिल सकते हैं। इसके अलावा नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स भी दिए जाने की संभावना है। पीछे की तरफ भी हल्के कॉस्मेटिक बदलाव किए गए हैं, जिससे SUV पहले से ज्यादा आकर्षक नजर आएगी।
केबिन होगा ज्यादा प्रीमियम
नई Brezza के इंटीरियर में सबसे बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। लीक हुई तस्वीरों के मुताबिक, टॉप-स्पेक ZXi वेरिएंट में एम्बिएंट लाइटिंग और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स जैसे फीचर्स दिए जाएंगे। यह पहली बार होगा जब Brezza में वेंटिलेटेड सीट्स मिलेंगी, जिससे गर्मी के मौसम में ड्राइविंग ज्यादा आरामदायक हो जाएगी। इसके अलावा कंपनी ने सीट अपहोल्स्ट्री और कुछ इंटीरियर ट्रिम्स को भी नया डिजाइन दिया है। हालांकि डैशबोर्ड का लेआउट पहले जैसा ही रहेगा, जिससे मौजूदा Brezza ग्राहकों को इसे इस्तेमाल करने में कोई परेशानी नहीं होगी।
मिल सकते हैं ये नए फीचर्स
नई Brezza में कई आधुनिक फीचर्स मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसमें वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, 360-डिग्री कैमरा और बेहतर स्मार्टफोन कनेक्टिविटी जैसे फीचर्स दिए जा सकते हैं। ये सुविधाएं खासतौर पर शहरों में ड्राइविंग और पार्किंग को आसान बनाएंगी। इसके अलावा इलेक्ट्रिक सनरूफ, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी जैसे मौजूदा फीचर्स भी पहले की तरह जारी रहने की संभावना है।
गियरबॉक्स में हो सकता है बड़ा बदलाव
नई Brezza में सबसे महत्वपूर्ण बदलावों में से एक 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स हो सकता है। मौजूदा मॉडल में 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन मिलता है। अतिरिक्त गियर मिलने से हाईवे पर ड्राइविंग अधिक स्मूद हो सकती है और बेहतर फ्यूल एफिशिएंसी मिलने की भी उम्मीद है। हालांकि, मैकेनिकल तौर पर नई Brezza में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
कब होगी लॉन्च
फिलहाल Maruti Suzuki ने नई Brezza की लॉन्च डेट को लेकर आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। हालांकि, डीलरशिप पर इसकी झलक और लीक हुई तस्वीरों से संकेत मिल रहे हैं कि कंपनी 23 या 24 जुलाई को लॉन्च की जा सकती है।
