Maruti Baleno Vs Tata Altroz: Maruti Suzuki ने भारत में अपनी लोकप्रिय हैचबैक Baleno का फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च कर दिया है। नई Baleno की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 6 लाख रुपये है। इस कार का सीधा मुकाबला Tata Altroz से है। दोनों कारों में आकर्षक डिजाइन, आधुनिक फीचर्स और कई पावरट्रेन विकल्प मिलते हैं। हालांकि, फीचर्स, सेफ्टी और इंजन के मामले में दोनों के बीच कुछ महत्वपूर्ण अंतर हैं। आइए जानते हैं 6 लाख रुपये के बजट में कौन-सी कार ज्यादा दमदार है-
Maruti Baleno Vs Tata Altroz : कौन-सी हैचबैक ज्यादा दमदार
Maruti Baleno Vs Tata Altroz
डिजाइन
डिजाइन की बात करें तो, नई Baleno में पहले के मुकाबले काफी बदलाव किए गए हैं। इसके फ्रंट में नई LED हेडलाइट्स, नया ट्रिपल-स्लैट ग्रिल और नया फ्रंट बंपर दिया गया है। पीछे की तरफ LED टेललैंप और बंपर में भी बदलाव किए गए हैं। नई अलॉय व्हील्स इसके लुक को और बेहतर बनाती हैं।
वहीं, Tata Altroz भी अपने शार्प और प्रीमियम डिजाइन के लिए जानी जाती है। इसमें LED DRLs, फुल-LED हेडलैंप, फ्लश-फिटिंग डोर हैंडल और कनेक्टेड LED टेललैंप मिलते हैं। इसके ऊंचे वेरिएंट में 16-इंच अलॉय व्हील दिए गए हैं।
फीचर्स
फीचर्स के मामले में नई Baleno को पहले से बेहतर बनाया गया है। इसमें 360-डिग्री कैमरा, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और हेड-अप डिस्प्ले जैसे फीचर्स मिलते हैं। कार में 9-इंच इंफोटेनमेंट स्क्रीन है, जो वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto सपोर्ट करती है। इसमें Clarion का प्रीमियम ऑडियो सिस्टम भी दिया गया है।
Altroz में 10.25-इंच टचस्क्रीन मिलती है, जो वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto सपोर्ट करती है। इसमें Harman Kardon का प्रीमियम ऑडियो सिस्टम दिया गया है। Altroz में वेंटिलेटेड सीट्स और 10.25-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले भी मिलता है। दोनों कारों में सनरूफ उपलब्ध है।
नई Baleno की खासियत इसका Level 2 ADAS है। इसमें Lane Keep Assist और Adaptive Cruise Control जैसे फीचर्स मिलते हैं। साथ ही वायरलेस चार्जर विद कूलिंग भी दिया गया है। लेकिन Altroz में ADAS नहीं मिलता।
सेफ्टी
सेफ्टी की बात करें तो Altroz मजबूत पैकेज पेश करती है। इसमें छह एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम, ट्रैक्शन कंट्रोल समेत कई सेफ्टी फीचर्स हैं। इसे Global NCAP और Bharat NCAP में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिल चुकी है। नई Baleno में भी छह एयरबैग, ABS, EBD और इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल जैसे फीचर्स हैं। इसके अलावा ADAS से सेफ्टी पैकेज और मजबूत होता है।
इंजन
इंजन के मामले में Altroz में 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ डीजल और CNG विकल्प भी मिलते हैं। पेट्रोल इंजन 88hp और 115Nm का आउटपुट देता है, जबकि 1.5-लीटर डीजल इंजन 90hp और 200Nm बनाता है। CNG वर्जन 74hp और 103Nm देता है।
Baleno फेसलिफ्ट में 1.2-लीटर, 3-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 83 hp की अधिकतम पावर और 112 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। इसमें ट्रांसमिशन के लिए 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड AMT का विकल्प मिलता है। हैचबैक में फैक्ट्री-फिटेड CNG किट का विकल्प भी दिया गया है, जो 70 PS की पावर और 102 Nm का टॉर्क पैदा करता है। CNG वेरिएंट को 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है।
कीमत
कीमत की बात करें तो Altroz की एक्स-शोरूम कीमत 5.99 लाख रुपये से 10.63 लाख रुपये तक है, जबकि नई Baleno की शुरुआती कीमत 6.099 लाख रुपये है।
