Mahindra Scorpio N Price Hike: महिंद्रा की हालिया लॉन्च स्कॉर्पियो एन को ग्राहकों की बंपर डिमांड मिल रही है और यही वजह है कि इस एसयूवी पर लंबी वेटिंग भी दी जा रही है। 1 अप्रैल से जहां नए ईंधन नियम बीएस6 फेज-2 और आरडीई अनिवार्य हो चुके हैं, इसके अनुकूल बनाने के लिए महिंद्रा ऑटोमोटिव ने नई स्कॉर्पियो एन को अपडेट कर मार्केट में पेश किया है। इंजन अपग्रेड करने के साथ कंपनी ने इस कार की कीमत में भी 56,000 रुपये तक इजाफा कर दिया है। नई स्कॉर्पियो एन जोरदार स्टाइल और डिजाइन के अलावा केबिन में हाइटेक और एडवांस्ड फीचर्स के साथ आती है।
इंजन अपग्रेड करने के साथ कंपनी ने इस कार की कीमत में भी 56,000 रुपये तक इजाफा कर दिया है।
कितनी बढ़ी किस वेरिएंट की कीमत
अब नई स्कॉर्पियो एन की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 13.05 लाख रुपये हो गई है जो टॉप मॉडल के लिए 24.51 लाख रुपये तक जाती है। एसयूवी के पेट्रोल वेरिएंट की एक्सशोरूम कीमत में 31,000 रुपये से लेकर 46,000 रुपये तक इजाफा किया गया है, वहीं इसका डीजल वेरिएंट 31,000 से 56,000 रुपये तक महंगा कर दिया गया है। बता दें कि सामान्य रूप से एसयूवी पर 8-12 महीने की वेटिंग दी जा रही है, वहीं इसके कुछ वेरिएंट की डिलीवरी के लिए ग्राहकों को 2 साल इंतजार करना होगा। बता दें कि महिंद्रा ने कुछ समय पहले ही एसयूवी की कीमत 1 लाख रुपये तक बढ़ा दी थी।
केबिन में क्या-क्या मिला
व्हीलबेस बढ़ने से नई स्कॉर्पियो एन का केबिन पहले ज्यादा जगह वाला हो गया है और महिंद्रा ने इसे प्रीमियम बनाया है। यहां 12 स्पीकर्स वाले सोनी सिस्टम के साथ 3डी सराउंड साउंड सिस्टम, ऐप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो कनेक्टिविटी, 20.32 इंच का इंफोटेनमेंट स्क्रीन, सेगमेंट में सबसे चौड़ी सनरूफ, लेदरेट सीट्स और 70 से ज्यादा कनेक्टेड कार फीचर्स एसयूवी के केबिन में दिए गए हैं। यहां एड्रीनॉक्स के जरिए टेंपरेचर कंट्रोल किया जा सकता है, इसके अलावा दावा है कि ये दुनिया की पहली एसयूवी है जिसे व्हाट3वर्ड्स नेविगेशन सिस्टम दिया गया है जो वॉइस कमांड पर काम करता है।
कितना दमदार है इंजन
नई स्कॉर्पियो एन के साथ एमस्टेलियन पेट्रोल इंजन दिया गया है जो 200 पीएस ताकत और 380 एनएम पीक टॉर्क बनाता है। दूसरी ओर एमहॉक डीजल इंजन 175 पीएस पावर और 400 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है। ये नई एसयूवी सेगमेंट की सबसे कम प्रदूषण फैलाने वाली कार बनकर सामने आई है। कंपनी ने इस दोनों इंजन को 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स विकल्पों से लैस किया है। इसके साथ ही सेगमेंट में पहली बार शिफ्ट बाय केबल तकनीक का इस्तेमाल भी इसी एसयूवी में किया गया है।
सेफ्टी में भी जोरदार है नई एसयूवी
महिंद्रा स्कॉर्पियो एन के साथ 6 एयरबैग्स, एबीएस के साथ ईबीडी, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम, हिल होल्ड कंट्रोल, ब्रेक डिस्क वाइपिंग, इलेक्ट्रॉनिक ब्रेक प्रीफिल, ई-कॉल, एसओएस स्विच और रोल ओवर मिटिगेशन जैसे कई और सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा नई एसयूवी कई ड्राइविंग मोड्स के साथ आई है जिनमें टारमेक, स्नो, मड और डेजर्ट शामिल हैं। नई कार को 4एक्सप्लोर टेरेन मैनेजमेंट सिस्टम भी दिया गया है।
