Mahindra BE 6 Sporteq: महिंद्रा (Mahindra) अपनी इलेक्ट्रिक एसयूवी BE 6 को जल्द ही एक नए वेरिएंट के साथ अपडेट करने की तैयारी में है। कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नए BE 6 Sporteq का टीजर जारी कर दिया है। इस नए वेरिएंट को 15 अगस्त को पेश किया जाएगा। टीजर में SUV के केबिन की झलक दिखाई गई है, जिससे इसके इंटीरियर में होने वाले बड़े बदलाव का अंदाजा लगाया जा सकता है।
15 अगस्त को आ रही Mahindra BE 6 Sporteq
ट्रिपल स्क्रीन डैशबोर्ड के साथ आएगा मॉडल
नई BE 6 Sporteq की सबसे बड़ी खासियत इसका ट्रिपल स्क्रीन डैशबोर्ड होगा। यह सेटअप कंपनी की XEV 9e और XEV 9S जैसी इलेक्ट्रिक SUVs में पहले से देखने को मिलता है। ऐसे में BE 6 के नए वेरिएंट का केबिन पहले के मुकाबले ज्यादा प्रीमियम और टेक्नोलॉजी से लैस नजर आ सकता है।
टीजर से साफ हो गया है कि BE 6 Sporteq में मौजूदा मॉडल के डैशबोर्ड की जगह नया डिजाइन दिया जाएगा। इसमें तीन स्क्रीन वाला लेआउट देखने को मिलेगा। महिंद्रा की दूसरी बॉर्न इलेक्ट्रिक SUVs में भी इसी तरह का सेटअप देखने को मिलता है।
मौजूदा BE 6 में मिलने वाले डैशबोर्ड की तुलना में नया डिजाइन केबिन को ज्यादा आधुनिक और प्रीमियम लुक दे सकता है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक पूरे डैशबोर्ड की तस्वीरें जारी नहीं की हैं। फिलहाल केवल कुछ क्लोज-अप टीजर तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं।
इंटीरियर में भी मिलेगा नया कलर थीम
BE 6 Sporteq के केबिन में सिर्फ डैशबोर्ड ही नहीं, बल्कि कलर थीम में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नए मॉडल में ब्लैक और टैन इंटीरियर थीम दी जा सकती है। मौजूदा BE 6 में ब्लैक और ग्रे कलर का इंटीरियर मिलता है।
नई कलर स्कीम और ट्रिपल स्क्रीन सेटअप के साथ इसका केबिन पहले से ज्यादा प्रीमियम दिखाई दे सकता है। खासकर उन ग्राहकों के लिए यह अपडेट महत्वपूर्ण हो सकता है, जो इलेक्ट्रिक SUV में टेक्नोलॉजी और इंटीरियर एक्सपीरियंस को ज्यादा महत्व देते हैं।
बैटरी और परफॉर्मेंस में बदलाव की उम्मीद नहीं
BE 6 Sporteq में सबसे बड़ा बदलाव केबिन के स्तर पर होने की उम्मीद है। इसके मैकेनिकल सेटअप में किसी बड़े बदलाव की जानकारी अभी सामने नहीं आई है। यानी मौजूदा BE 6 में मिलने वाले 59kWh और 79kWh बैटरी पैक आगे भी जारी रह सकते हैं। पावर आउटपुट, ड्राइविंग रेंज और चार्जिंग से जुड़ी क्षमताओं में भी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। इसका मतलब है कि Sporteq वेरिएंट का मुख्य फोकस नए डिजाइन और ज्यादा प्रीमियम केबिन पर हो सकता है।
