मारुति सुजुकी के बाद अब हुंडई मोटर इंडिया (Hyundai Motor India) और टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (टीएमपीवी) ने भी गाड़ियों की कीमत बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। दोनों ही कंपनियों की गाड़ियों की नई कीमतें 1 दिसंबर से लागू होंगी।
1 दिसंबर से महंगी हो जाएंगी Hyundai Cars (Photo: Hyundai )
क्यों बढ़ रहे गाड़ियों के दाम
हुंडई मोटर इंडिया के मुताबिक, कच्चे माल और कलपुर्जों की लागत बढ़ने से कंपनी पर लगातार दबाव बना हुई है। कंपनी अब तक लागत का बड़ा हिस्सा आंतरिक कार्यक्षमता और खर्च घटाकर खुद वहन कर रही थी। हालांकि, अब इसका कुछ बोझ ग्राहकों पर डालना जरूरी माना गया है, जिसके चलते गाड़ियों के दाम बढ़ाए जा रहे हैं। वहीं, टाटा मोटर्स का कहना है कि
लागत में लगातार हो रही वृद्धि के असर की आंशिक भरपाई के लिए कीमतों में यह संशोधन किया जा रहा है। टीएमपीवी इस बढ़ोतरी के एक बड़े हिस्से का बोझ खुद उठा रही है, लेकिन अब इस मूल्य वृद्धि के जरिये कुछ असर ग्राहकों पर डाला जा रहा है।
मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से बढ़ेंगे दाम
हुंडई की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, कीमतों में बदलाव मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से अलग-अलग होगा। यानी हर कार की कीमत में 8,000 रुपये की वृद्धि नहीं होगी। किस मॉडल पर कितनी बढ़ोतरी लागू होगी, इसकी जानकारी कंपनी की वेबसाइट या डीलरशिप से ली जा सकती है। वहीं, टाटा मोटर्स ने कहा है कि कंपनी अपने कार और स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) के सभी मॉडल और एडिशन की कीमतों में औसतन 0.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी करेगी। इसमें पेटोल, डीजल से चलने वाले (आईसीई) वाहन और इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) दोनों शामिल हैं।
इस साल चौथी बार बढ़ेंगी कीमतें
बता दें, इन बढ़ोतरी के बाद यह इस साल हुंडई की गाड़ियों की चौथी कीमत वृद्धि होगी। इससे पहले भी कंपनी ने जनवरी, जून और सितंबर में कारों के दाम बढ़ाए थे। इससे पहले सितंबर में ही कंपनी ने कुछ सेलेक्टेड मॉडल्स की कीमत में 1 प्रतिशत तक का इजाफा किया था। उस समय भी कंपनी ने इनपुट और कमोडिटी लागत, परिचालन खर्च और वैश्विक अनिश्चितताओं को कीमत में बढ़ोतरी का कारण बताया था। टाटा मोटर्स ने भी एक अप्रैल से अपने आईसीई वाहनों की कीमतों में भारित औसत आधार पर 0.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद एक जुलाई से आईसीई और इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमतें 1.5 प्रतिशत तक बढ़ाई गई थीं। टाटा मोटर्स पैसेंजर ने इसके बाद एक सितंबर से अपने वाहनों की कीमतों में 25,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की थी।
दूसरी कंपनियां भी बढ़ा रही दाम
इससे पहले देश की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने भी इसी महीने कुछ मॉडल के दाम बढ़ाए हैं। महिंद्रा ने जुलाई से एसयूवी और कमर्शियल वाहन रेंज के दाम 2.7 फीसदी तक बढ़ाए थे। वहीं, ऑडी इंडिया भी 1 जनवरी 2027 से अपनी मॉडल रेंज में 2 फीसदी तक बढ़ोतरी की घोषणा कर चुकी है।
ग्राहकों को क्या करना चाहिए
अगर आप भी हुंडई या टाटा मोटर्स की नई कार खरीदने का प्लान बना रहे थे तो 1 दिसंबर से पहले डीलर से मौजूदा कीमत और ऑफर की जानकारी ले सकते हैं। इसके अलावा, गाड़ी की डिलीवरी की डेट भी कंफर्म करवा लें। यह भी क्लियर कर लें कि आप जिस मॉडल को खरीद रहे हैं उस पर यह नई कीमत बढ़ोतरी लागू होगी कि नहीं। इसके अलावा, गाड़ी की ऑन रोड कीमत और बाकि खर्च का भी पहले से ही हिसाब लगाकर चलें।
