टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने खुलासा किया है कि वे इस साल के अंत तक एक फ्लाइंग कार (उड़ने वाली कार) का प्रोटोटाइप पेश करने की योजना बना रहे हैं। मस्क ने इसे “इतिहास की सबसे अविस्मरणीय प्रोडक्ट लॉन्च” करार दिया है। उन्होंने यह बयान शुक्रवार को ‘द जो रोगन एक्सपीरियंस’ पॉडकास्ट में अपनी उपस्थिति के दौरान दिया।
Elon Musk To Launch Unforgettable Flying Car/photo-AI
रोडस्टर से फ्लाइंग कार की चर्चा तक
बातचीत की शुरुआत तब हुई जब जो रोगन ने मस्क से टेस्ला की लंबे समय से वादा की गई सेकंड जनरेशन रोडस्टर कार की स्थिति के बारे में पूछा। यह मॉडल कई बार टल चुका है और 2020 में लॉन्च होना था। इसी सवाल पर जवाब देते हुए मस्क ने बातचीत को अपने नए और बड़े सपने फ्लाइंग कार की ओर मोड़ दिया। मस्क ने मुस्कुराते हुए कहा, “हम... प्रोटोटाइप दिखाने के करीब हैं। एक बात की गारंटी दे सकता हूं, यह डेमो अविस्मरणीय होगा।”
“चाहे अच्छा हो या बुरा, यादगार तो रहेगा”
जब रोगन ने पूछा कि आखिर यह डेमो अविस्मरणीय क्यों होगा, तो मस्क ने हंसते हुए जवाब दिया, “चाहे अच्छा हो या बुरा, यह अविस्मरणीय जरूर होगा।” इसके बाद उन्होंने अपने दोस्त और टेक उद्यमी पीटर थील का जिक्र किया “मेरे दोस्त पीटर थील ने कहा था कि भविष्य में हमें फ्लाइंग कारें मिलनी चाहिए, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ। अगर पीटर फ्लाइंग कार चाहते हैं, तो हमें उसे खरीद पाने में सक्षम होना चाहिए।”
टेस्ला की अगली बड़ी छलांग?
जब रोगन ने पूछा कि क्या मस्क वास्तव में इलेक्ट्रिक फ्लाइंग कार बनाने पर विचार कर रहे हैं, तो मस्क ने रहस्यमय अंदाज़ में कहा कि “उन्हें डेमो का इंतजार करना होगा।” रोगन ने और जानकारी मांगी कि क्या कार में “रिट्रैक्टेबल विंग्स” होंगी, तो मस्क ने जवाब दिया “मैं अनवील से पहले अनवील नहीं कर सकता।” उन्होंने यह भी कहा कि “यह अब तक की सबसे यादगार प्रोडक्ट लॉन्च हो सकती है।”
“जेम्स बॉन्ड की सभी कारों से भी ज्यादा पागलपन भरी तकनीक”
मस्क ने बातचीत का समापन करते हुए कहा कि वे उम्मीद करते हैं कि साल खत्म होने से पहले इस फ्लाइंग कार को दिखा सकेंगे, हालांकि टाइमलाइन अभी तय नहीं है। उन्होंने कहा, “अगर आप जेम्स बॉन्ड की सभी कारों को मिलाकर देखें, तो यह तकनीक उनसे भी ज्यादा पागलपन भरी होगी।”
