भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग के बीच BYD India ने अपने इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल पोर्टफोलियो की कुछ कारों की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। कंपनी के अनुसार, नई एक्स-शोरूम कीमतें 1 जुलाई 2026 से लागू हो गई हैं। कीमतों में 50,000 रुपये से लेकर 1 लाख रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही BYD ने भारतीय ग्राहकों के लिए BYD eMAX 7 Comfort का नया वेरिएंट भी लॉन्च किया है, जिसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 27.90 लाख रुपये रखी गई है।
BYD ने बढ़ाईं इलेक्ट्रिक कारों की कीमतें (Photo: byd auto india)
किन कारों की बढ़ी कीमत?
कंपनी ने बताया कि कीमतों में बदलाव BYD ATTO 3, BYD SEALION 7 और BYD SEAL के कुछ वेरिएंट्स पर लागू किया गया है। हालांकि, BYD ATTO 3 और BYD eMAX 7 के कुछ वेरिएंट्स की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी सभी मॉडल महंगे नहीं हुए हैं, बल्कि केवल कुछ विशेष वेरिएंट्स पर ही नई कीमतें लागू की गई हैं।
कीमतें बढ़ाने की क्या है वजह?
BYD India के मुताबिक, यह फैसला बढ़ती इनपुट कॉस्ट, महंगाई के दबाव और भारत में अपने डीलर नेटवर्क व नई तकनीकों में लगातार किए जा रहे निवेश को देखते हुए लिया गया है। कंपनी का कहना है कि वह ग्राहकों को बेहतर तकनीक और बेहतर ओनरशिप अनुभव देने के लिए लगातार निवेश कर रही है, जिसके चलते कीमतों में यह संशोधन करना आवश्यक हो गया।
BYD eMAX 7 का नया वेरिएंट लॉन्च
कीमतों में बदलाव के साथ कंपनी ने BYD eMAX 7 Comfort का नया वेरिएंट भी पेश किया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 27.90 लाख रुपये है। इस नए वेरिएंट में 71.8 kWh बैटरी पैक दिया गया है, जो पहले के मुकाबले बेहतर बैटरी क्षमता प्रदान करता है। कंपनी का उद्देश्य भारतीय ग्राहकों को अधिक विकल्प उपलब्ध कराना और अपने MPV पोर्टफोलियो को मजबूत करना है।
कंपनी ने क्या कहा?
BYD India के इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल (EPV) बिजनेस प्रमुख राजीव चौहान ने कहा कि कंपनी को अपने इलेक्ट्रिक वाहन पोर्टफोलियो के लिए ग्राहकों से लगातार अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। उन्होंने कहा कि तकनीक, कस्टमर एक्सपीरियंस और डीलर नेटवर्क के विस्तार में निवेश जारी रखने के कारण कुछ वेरिएंट्स की कीमतों में बदलाव किया गया है। कंपनी भविष्य में भी ग्राहकों को एडवांस, सस्टेनेबल और हाई-परफॉर्मेंस इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सॉल्यूशन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
एडवांस टेक्नोलॉजी से लैस BYD का पोर्टफोलियो
BYD की इलेक्ट्रिक कारों में कंपनी की कई वैश्विक तकनीकों का इस्तेमाल किया जाता है। इनमें Blade Battery, Cell-to-Body (CTB) Architecture और Intelligence Torque Adaptation Control (iTAC) जैसी तकनीकें शामिल हैं। कंपनी ने भारत में अपनी DM-i (Dual Mode Intelligent) प्लग-इन हाइब्रिड तकनीक भी पेश कर दी है।
