बहुत से लोग कार या बाइक खरीदारी के लिए फेस्टिव सीजन (Festive Season) को सही समय मानत हैं। डीलर भी आकर्षक डिस्काउंट और एक्सचेंज बोनस देते हैं। लेकिन बड़ी छूट देखकर तुरंत बुकिंग करना समझदारी नहीं है। कई बार इसी दौरान डीलरशिप पुराने मैन्युफैक्चरिंग स्टॉक को भी बेचने की कोशिश करती हैं। पुराना स्टॉक (Old Stock) होना अपने आप में खराबी की निशानी नहीं, लेकिन खरीदने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना होगा। खासकर जब छूट सामान्य ऑफर से काफी ज्यादा हो-
फेस्टिव सीजन में खरीद रहे हैं नई गाड़ी, इन बातों पर जरूर दें ध्यान (AI Generated Image)
मैन्युफैक्चरिंग डेट जरूर जांचें
कार या बाइक की मैन्युफैक्चरिंग का महीना और साल पता करें। यह जानकारी गाड़ी के VIN/चेसिस नंबर, निर्माता के रिकॉर्ड या डीलर के डॉक्यूमेंट्स से वेरिफाई की जा सकती है। मॉडल ईयर देखकर ही फैसला न लें। अगर मॉडल कई महीने पुराना है, तो डीलर से साफ वजह और अतिरिक्त छूट के बारे में पूछें।
PDI किए बिना डिलीवरी न लें
पेमेंट और रजिस्ट्रेशन से पहले प्री-डिलीवरी इंस्पेक्शन (PDI) करें। बॉडी पर खरोंच, डेंट, पेंट में अंतर, जंग, शीशे, लाइट, सीट, डिस्प्ले और सभी इलेक्ट्रॉनिक फीचर जांचें। बाइक में टायर, चेन, ब्रेक और लीकेज देखें। कार में बोनट, डोर, डिक्की और केबिन को ध्यान से जांचें। कमी मिलने पर लिखित में दर्ज कराएं।
टायर और बैटरी की तारीख देखें
लंबे समय तक खड़े मॉडल के टायरों में घिसाव, दरार या हवा कम होने जैसी समस्या हो सकती है। टायर पर दर्ज निर्माण कोड पढ़ें। बैटरी की स्थिति और निर्माण तारीख भी जांचें। कार में बैटरी और इंजन ऑयल की स्थिति भी पूछें।
वारंटी और ऑफर की शर्तें समझें
डीलर से लिखित में पूछें कि वारंटी कब से शुरू होगी। कुछ मामलों में वारंटी की शुरुआत इनवॉइस या रजिस्ट्रेशन की तारीख से जुड़ी हो सकती है, निर्माता की शर्तें जरूर पढ़ें। डिस्काउंट का पूरा ब्रेकअप लें, कैश छूट, एक्सचेंज बोनस, कॉर्पोरेट लाभ और एक्सेसरीज अलग-अलग समझें। मुफ्त सामान की जगह कीमत घटवाना बेहतर हो सकता है।
डॉक्यूमेंट और फाइनल रेट मैच करें
ऑन-रोड कीमत, बीमा, आरटीओ शुल्क और एक्सेसरीज की डिटेल्स लिखित में लें। VIN, इंजन और चेसिस नंबर डॉक्यूमेंट्स से मिलाएं। पेमेंट की रसीद, टैक्स इनवॉइस, वारंटी बुक और सर्विस रिकॉर्ड संभालकर रखें।
