बजाज ऑटो (Bajaj Auto) अपनी लोकप्रिय पल्सर रेंज को नए फीचर्स के साथ अपडेट करने की तैयारी कर रही है। हाल ही में Bajaj Pulsar NS200 को नए TFT इंस्ट्रूमेंट कंसोल के साथ टेस्टिंग के दौरान देखा गया था। अब कंपनी की एंट्री-लेवल स्पोर्टी कम्यूटर बाइक Bajaj Pulsar NS125 भी नए फीचर्स के साथ भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग करते हुए नजर आई है। सामने आई स्पाई तस्वीरों में बाइक पर नया TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, USB Charging Port और अपडेटेड स्विचगियर दिखाई दिए हैं।
नए बदलावों के साथ आ सकती है Bajaj Pulsar NS125
Bajaj Pulsar NS125 में मिलेंगे नए फीचर्स
टेस्टिंग के दौरान देखी गई Bajaj Pulsar NS125 में सबसे बड़ा बदलाव इसका नया TFT इंस्ट्रूमेंट कंसोल हो सकता है। मौजूदा मॉडल में डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है, लेकिन नए TFT डिस्प्ले के आने से बाइक पहले के मुकाबले ज्यादा मॉडर्न हो सकती है। इसके अलावा, इसमें USB चार्जिंग पोर्ट भी दिया जा सकता है।
नए TFT कंसोल के साथ बाइक में स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, पहले से ज्यादा राइडिंग इंफॉर्मेशन और Google Maps नेविगेशन मिररिंग जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है। हालांकि, यह देखना होगा कि कंपनी ये सुविधाएं सभी वेरिएंट में देगी या केवल टॉप वेरिएंट तक सीमित रखेगी। अपडेटेड स्विचगियर भी इस बदलाव का हिस्सा हो सकता है।
इंजन और हार्डवेयर में नहीं होगा बदलाव
फीचर्स के अलावा बाइक के डिजाइन और मैकेनिकल हिस्से में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। इसमें मौजूदा 124.45cc, सिंगल-सिलेंडर, एयर-कूल्ड इंजन ही मिल सकता है। यह इंजन 8,500rpm पर 12hp की अधिकतम पावर और 7,000rpm पर 11Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। इंजन को 5-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है।
हार्डवेयर की बात करें तो इसमें टेलिस्कोपिक फ्रंट फोर्क्स और रियर मोनोशॉक सस्पेंशन मिल सकता है। ब्रेकिंग के लिए डिस्क और ड्रम का कॉम्बिनेशन बरकरार रहने की उम्मीद है। वहीं, सिंगल-चैनल ABS हायर-स्पेक मॉडल में उपलब्ध रहेगा।
नई Pulsar NS125 की बढ़ सकती है कीमत
फिलहाल Bajaj Pulsar NS125 की शुरुआती एक्स-शोरूम (दिल्ली) कीमत 99,622 रुपये है। इसका LED BT ABS वेरिएंट 1.06 लाख रुपये में आता है। नए TFT डिस्प्ले और USB चार्जिंग पोर्ट जैसे फीचर्स जुड़ने के बाद इसकी कीमत में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है।
