Bajaj Auto ने भारतीय बाजार में अपनी दो पॉपुलर मोटरसाइकिलों Pulsar 125 और Pulsar 150 को बड़े अपडेट के साथ लॉन्च कर दिया है। दोनों बाइक्स में कंपनी ने सिर्फ डिजाइन नहीं बदला, बल्कि चेसिस, रियर सस्पेंशन, इंजन और टेक्नोलॉजी तक में बड़े बदलाव किए हैं। नई पीढ़ी की इन पल्सर में अब मोनोशॉक रियर सस्पेंशन, LED लाइटिंग और नए डिजिटल कंसोल जैसे फीचर्स मिलते हैं।
बजाज पल्सर लॉन्च
दोनों बाइक्स में नया फ्रेम और मोनोशॉक
Bajaj Pulsar 125 और 150 में सबसे बड़ा बदलाव इनके स्ट्रक्चर में हुआ है। बजाज ने पुराने ट्विन-शॉक सेटअप की जगह नया मोनोशॉक रियर सस्पेंशन दिया है। इसके लिए दोनों मोटरसाइकिलों को नए फ्रेम पर तैयार किया गया है। फ्रंट में टेलिस्कोपिक फोर्क दिया गया है। इस बदलाव से बाइक की राइड क्वालिटी और हैंडलिंग में सुधार की उम्मीद है। यानी रोजाना शहर में चलाने के साथ-साथ खराब सड़कों पर भी दोनों बाइक्स पहले से ज्यादा बेहतर अनुभव दे सकती हैं।
पल्सर 150 में नया इंजन
नई पल्सर 150 में नया 150 सीसी एयर-कूल्ड इंजन दिया गया है। यह इंजन 8,500 आरपीएम पर 14 पीएस की पावर और 14.1 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन को 5-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है। बाइक में इंजन स्टॉप-स्टार्ट सिस्टम और साइलेंट स्टार्टर भी दिया गया है। ट्रैफिक में बाइक रुकने पर इंजन अपने आप बंद हो सकता है और क्लच दबाने पर फिर स्टार्ट हो जाता है।
पल्सर 125 में भी बड़ा अपडेट
पल्सर 125 को भी नई चेसिस और मोनोशॉक के साथ अपडेट किया गया है। इसके डिजाइन को पहले से ज्यादा शार्प बनाया गया है और नए बॉडी पैनल के साथ आधुनिक लाइटिंग सेटअप दिया गया है। नई बाइक में डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल और कनेक्टेड फीचर्स जैसे अपडेट भी मिलते हैं।
TFT से लेकर स्मार्ट फीचर्स
पल्सर 150 के बेस वेरिएंट में कलर एलसीडी कंसोल मिलता है, जबकि टॉप वेरिएंट में 5 इंच का टीएफटी डिस्प्ले दिया गया है। इसमें स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, कॉल और एसएमएस अलर्ट जैसी सुविधाएं हैं। यूएसबी टाइप-सी चार्जिंग पोर्ट भी मिलता है।
कितनी है कीमत?
नई पल्सर 150 की दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमत ₹1,15,233 से शुरू होती है और टॉप वेरिएंट के लिए ₹1,23,187 तक जाती है। पल्सर 125 की कीमत वेरिएंट के हिसाब से अलग रखी गई है। कुल मिलाकर बजाज ने दोनों मोटरसाइकिलों को पुराने मॉडल की तुलना में ज्यादा आधुनिक और तकनीकी रूप से बेहतर बनाया है। अब इनका मुकाबला 125 से 160 सीसी सेगमेंट की होंडा, हीरो, टीवीएस और यामाहा की बाइक्स से होगा।
