नई एसयूवी या ऑफ-रोड व्हीकल खरीदते समय आपने अक्सर AWD (All-Wheel Drive), 4WD (Four-Wheel Drive) और 4x4 जैसे शब्द जरूर देखे होंगे। कई लोग इन्हें एक ही मान लेते हैं, जबकि वास्तव में इन सिस्टम के काम करने का तरीका और इस्तेमाल अलग-अलग होता है। सही जानकारी के बिना गाड़ी चुनने पर आपको जरूरत से ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है या फिर ऐसा सिस्टम मिल सकता है, जिसकी आपको वास्तव में जरूरत ही नहीं थी। इस आर्टिकल में आपको AWD, 4x4 और 4WD में ही अंतर बताने जा रहे हैं-
AWD, 4x4 और 4WD में क्या है अंतर है? (AI Generated Image)
AWD (All-Wheel Drive) क्या होता है?
AWD सिस्टम में इंजन की ताकत जरूरत के अनुसार अपने-आप चारों पहियों तक पहुंचाई जाती है। इसमें सेंसर लगातार सड़क की स्थिति और टायरों की पकड़ (Traction) पर नजर रखते हैं। जैसे ही किसी पहिए की पकड़ कम होती है, सिस्टम अपने-आप दूसरे पहियों तक ज्यादा टॉर्क भेज देता है। ड्राइवर को अलग से कोई बटन दबाने या मोड बदलने की जरूरत नहीं होती। AWD सिस्टम खासतौर पर बारिश, हल्की बर्फबारी, गीली सड़क और रोजमर्रा की ड्राइविंग के लिए बेहतर माना जाता है।
4WD और 4x4 क्या हैं?
4WD (Four-Wheel Drive) और 4x4 शब्द अधिकांश मामलों में एक ही सिस्टम के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। इसमें जरूरत पड़ने पर ड्राइवर खुद 4WD मोड को एक्टिव करता है। कई वाहनों में 4H (High Range) और 4L (Low Range) जैसे विकल्प भी मिलते हैं, जो कठिन ऑफ-रोड रास्तों, कीचड़, गहरे पानी, पत्थरों या पहाड़ी इलाकों में बेहतर परफॉर्मेंस के लिए बनाए गए हैं। सामान्य सड़क पर अधिकांश पारंपरिक 4WD सिस्टम को लगातार इस्तेमाल करने की सलाह नहीं दी जाती, क्योंकि इससे ड्राइवट्रेन पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है।
AWD और 4WD में सबसे बड़ा अंतर
AWD और 4WD के बीच सबसे बड़ा अंतर इनके काम करने के तरीके में है। AWD पूरी तरह ऑटोमैटिक सिस्टम होता है, जो सड़क की स्थिति के अनुसार अपने-आप चारों पहियों में टॉर्क का वितरण करता रहता है। यही वजह है कि यह शहर और हाईवे पर रोजमर्रा की ड्राइविंग के लिए ज्यादा बेहतर माना जाता है। दूसरी ओर, 4WD सिस्टम को आमतौर पर ड्राइवर जरूरत पड़ने पर एक्टिव करता है। यह कठिन ऑफ-रोडिंग, पहाड़ी रास्तों, रेगिस्तान और कीचड़ जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करता है। कई 4WD सिस्टम आगे और पीछे के एक्सल को लॉक कर समान शक्ति भेजते हैं, जिससे खराब रास्तों पर वाहन की ग्रिप और ट्रैक्शन बेहतर हो जाती है।
किसे कौन-सा सिस्टम खरीदना चाहिए?
अगर आपकी ड्राइविंग शहर, हाईवे और कभी-कभार पहाड़ी या बारिश वाले इलाकों तक सीमित रहती है तो AWD आपके लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकता है। इसमें सुरक्षा, स्थिरता और आरामदायक ड्राइविंग का अच्छा बैलेंस मिलता है। दूसरी ओर, अगर आप नियमित रूप से ऑफ-रोडिंग करते हैं, पहाड़ी ट्रैक, जंगल, रेत या कीचड़ वाले रास्तों पर गाड़ी चलाते हैं तो 4WD या 4x4 सिस्टम ज्यादा बेहतर रहेगा। यह कठिन परिस्थितियों में बेहतर ट्रैक्शन और ज्यादा टॉर्क उपलब्ध करवाता है।
