ईंधन महंगा होने के बावजूद देश में गाड़ियों की बिक्री पर कोई फर्क नहीं है। कार से लेकर बाइक की जबरदस्त मांग बनी हुई है। सियाम के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल से जून महीने तक यात्री वाहनों की थोक बिक्री 25.9 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 12,73,811 इकाई रही। सियाम के अनुसार, चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में दोपहिया वाहनों की थोक बिक्री 20.3 प्रतिशत बढ़कर 56,28,675 इकाई रही, जो एक वर्ष पहले की समान अवधि में 46,77,990 इकाई थी।
गाड़ियों की बंपर बिक्री
दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के परिदृश्य पर सियाम ने कहा कि उद्योग के त्योहारी मौसम में प्रवेश करने के साथ मांग के स्थिर बने रहने की उम्मीद है, हालांकि जिंस (कमोडिटी) की लागत अब भी उद्योग के लिए दबाव का प्रमुख कारण बनी हुई है।
घरेलू मांग के कारण यह उछाल
उद्योग संगठन सियाम ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि पश्चिम एशिया युद्ध से उत्पन्न चुनौतियों के बावजूद मजबूत घरेलू मांग के कारण यह वृद्धि दर्ज की गई। सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) ने बयान में कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में यात्री वाहनों की थोक बिक्री 10,11,884 इकाई रही थी। इससे पहले 2024-25 की अप्रैल-जून तिमाही में रिकॉर्ड करीब 10.3 लाख इकाई की बिक्री दर्ज की गई थी।
तिपहिया वाहनों की भी रिकॉर्ड बिक्री
संगठन ने कहा कि तिपहिया वाहनों की थोक बिक्री भी पहली तिमाही में अब तक के उच्चतम स्तर 2,14,339 इकाई पर पहुंच गई। यह पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की 1,65,211 इकाई की तुलना में 29.7 प्रतिशत अधिक है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री भी सर्वाधिक 2.65 लाख इकाई रही, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही की तुलना में 18.3 प्रतिशत अधिक है।
इन कारणों के कारण गाड़ियों की मांग बढ़ी
सियाम के अध्यक्ष शैलेश चंद्रा ने कहा कि पश्चिम एशिया में व्यवधानों से उत्पन्न हुई चुनौतियों के बावजूद वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में सभी वाहन श्रेणियों का मजबूत प्रदर्शन घरेलू मांग के समर्थन, माल एवं सेवा कर (जीएसटी) की कम दरों, वित्तपोषण लागत में नरमी, कम आधार प्रभाव और नए मॉडल की पेशकश का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि फिलहाल उपभोक्ता धारणा और मांग स्थिर बनी हुई है, लेकिन उद्योग, कृषि उत्पादन एवं ग्रामीण मांग पर संभावित प्रभाव को देखते हुए भू-राजनीतिक घटनाक्रम तथा मानसून की प्रगति पर करीबी नजर बनाए हुए है।
