भारतीय बाजार में Renault Duster की वापसी काफी चर्चा में बनी हुई है। नई जनरेशन Duster को कई बड़े बदलावों और नए फीचर्स के साथ पेश किया गया है। अगर आप इस मिड-साइज एसयूवी को खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो ये जानकारी आपके लिए बेहद काम की साबित हो सकती है। इस आर्टिकल में आपको नई Renault Duster खरीदने की 5 बड़ी वजहें बताने जा रहे हैं-
क्यों खरीदें नई Renault Duster (Photo: Renaul)
आकर्षक कीमत और मजबूत पोजिशनिंग
नई Duster को काफी प्रतिस्पर्धी कीमत पर लॉन्च किया गया है, जिससे यह अपने सेगमेंट में एक मजबूत विकल्प बनकर उभरती है। इसकी शुरुआती कीमत इसे ज्यादा ग्राहकों के लिए आकर्षक बनाती है। इसकी कीमत 10.49 लाख से शुरू होकर टॉप वेरिएंट Iconic के लिए 18.49 लाख (एक्स-शोरूम) तक जाती है। वहीं, Renault R-Pass खरीदार इस SUV को कम शुरुआती कीमत 10.29 लाख (एक्स-शोरूम) में खरीद सकते हैं।
दमदार इंजन और परफॉर्मेंस
इस SUV में पावरफुल इंजन विकल्प दिए गए हैं। एंट्री-लेवल वेरिएंट्स में 1.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 100 PS की पावर और 160 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यह इंजन 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आता है और शहर में ड्राइविंग के लिए उपयुक्त है। वहीं, 1.3-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन इस लाइनअप का मुख्य वेरिएंट है, जो 163 PS की पावर और 280 Nm का टॉर्क देता है। इसके अलावा, 1.8-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वेरिएंट भी पेश किया गया है, जिसमें पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर का संयोजन है। यह कुल मिलाकर लगभग 160 PS की पावर देता है।
नया और रग्ड डिजाइन
नई Renault Duster अपने पारंपरिक मजबूत और रग्ड स्टांस के साथ लौटती है, लेकिन इसमें अब ज्यादा मॉडर्न डिजाइन एलिमेंट्स भी जोड़े गए हैं। इसमें फुल LED लाइटिंग, स्लीक DRLs और रियर में कनेक्टेड लाइट बार दिया गया है, जो इसे आकर्षक लुक देता है। बड़े फ्रंट और रियर बंपर, मोटी क्लैडिंग और उभरे हुए व्हील आर्च इसकी SUV पहचान को और मजबूत बनाते हैं। इसमें 212mm का ग्राउंड क्लियरेंस मिलता है, जो खराब सड़कों और ऑफ-रोडिंग के लिए इसे बेहतर बनाता है।
प्रीमियम फीचर्स और टेक्नोलॉजी
नई Renault Duster को एडवांस सेफ्टी फीचर्स के साथ लैस बनाया गया है। इसमें स्टैंडर्ड तौर पर 6 एयरबैग, ABS के साथ EBD, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC) और हिल स्टार्ट असिस्ट जैसे फीचर्स मिलते हैं।इसके अलावा, इसमें लेवल 2 ADAS (Advanced Driver Assistance Systems) फीचर्स भी दिए गए हैं, जैसे लेन कीप असिस्ट, अडेप्टिव क्रूज़ कंट्रोल और ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटरिंग, जो ड्राइविंग को और सुरक्षित बनाते हैं।
केबिन में बड़े अपग्रेड्स
ग्लोबल मॉडल की तुलना में भारत में आने वाली Renault Duster के इंटीरियर को पूरी तरह से नया डिजाइन दिया गया है। अब इसका केबिन ज्यादा टेक-फोकस्ड लेआउट की ओर बढ़ता है, जिसमें 10.1-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है, जो इंटीग्रेटेड Google सर्विसेज के साथ आता है। इसके साथ ही 10.25-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी दिया गया है।
