Hyundai अपनी पॉपुलर SUV Tucson की नई जेनरेशन को ग्लोबल स्तर पर 1 अक्टूबर को पेश करने वाली है। नई Tucson को लेकर अब तक सामने आए डिजाइन प्रीव्यू से संकेत मिलता है कि कंपनी इस बार SUV के लुक में बड़ा बदलाव करने जा रही है। नई जनरेशन में मौजूदा मॉडल के मुकाबले ज्यादा सीधा, बॉक्सी और रग्ड डिजाइन देखने को मिल सकता है। Hyundai इसे ‘Art of Steel’ डिजाइन लैंग्वेज के तहत तैयार कर रही है।
2027 Hyundai Tucson नए डिजाइन के साथ लेगी एंट्री
पहले से बड़ी होगी नई Tucson
नई Hyundai Tucson का साइज कुछ बड़ा हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसकी लंबाई करीब 4,700mm, चौड़ाई 1,905mm और ऊंचाई 1,685mm हो सकती है। इसका व्हीलबेस करीब 2,785mm रहने की उम्मीद है। यानी मौजूदा मॉडल की तुलना में यह करीब 60mm लंबी, 40mm चौड़ी और 30mm ऊंची हो सकती है।
आकार बढ़ने का फायदा केबिन स्पेस में भी मिल सकता है। खास तौर पर दूसरी रो में हेडरूम करीब 29mm बढ़ने की उम्मीद है। पीछे के दरवाजों का ओपनिंग एंगल भी 73 डिग्री से बढ़कर 83 डिग्री तक हो सकता है, जिससे पीछे बैठने और उतरने में आसानी होगी।
फुल-विड्थ LED लाइटिंग बनेगी खास
नई Tucson के डिजाइन की सबसे बड़ी खासियत इसका लाइटिंग सेटअप हो सकता है। आगे और पीछे दोनों तरफ फुल-विड्थ LED लाइट बार मिलने की उम्मीद है। इसके साथ वर्टिकल H-शेप LED एलिमेंट्स दिए जाएंगे। मुख्य हेडलाइट्स को बंपर के निचले हिस्से में रखा जा सकता है, जो बंद होने पर ब्लैक प्लास्टिक के पीछे छिपी रहेंगी। पीछे टेलगेट पर भी फुल-विड्थ लाइट बार और इंटीग्रेटेड स्पॉयलर मिलने की संभावना है।
XRT वेरिएंट भी आएगा
Hyundai नई Tucson के साथ XRT वेरिएंट भी पेश कर सकती है। इसमें स्क्वेयर्ड व्हील आर्च, अलग डिजाइन का बंपर, स्किड प्लेट, खास बैजिंग और ब्लैक एक्सटीरियर एलिमेंट्स मिल सकते हैं। इससे SUV को ज्यादा रग्ड लुक मिलेगा।
केबिन में भी बड़ा बदलाव
नई Tucson के अंदर फ्लोटिंग-स्टाइल डैशबोर्ड दिया जा सकता है। इसमें करीब 14.6 इंच की बड़ी टचस्क्रीन मिलने की उम्मीद है, जो Hyundai के नए Pleos इंफोटेनमेंट सिस्टम पर काम कर सकती है। यह Android Automotive OS पर आधारित होगा और इसमें Google की नेचुरल सर्विसेज और OTA अपडेट सपोर्ट मिल सकता है। इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर की जगह पतला डिजिटल डिस्प्ले दिया जा सकता है, जबकि फिजिकल कंट्रोल्स भी बरकरार रहने की उम्मीद है।
भारत की बात करें तो मौजूदा Tucson को नवंबर 2025 में बंद कर दिया गया था। फिलहाल नई Tucson की भारत में वापसी को लेकर Hyundai ने कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
