Chornobyl nuclear plant : यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि चेर्नोबिल स्थित परमाणु संयंत्र पर ड्रोन से हमला हुआ है। उन्होंने रूस पर इस हमले का आरोप लगाया है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक जेलेंस्की ने शुक्रवार को कहा कि रात को हुए इस रूसी ड्रोन हमले में चेर्नोबिल परमाणु संयंत्र के विकिरण वाले भाग को काफी क्षति पहुंची। बता दें कि साल 1986 में चेर्नोबिल परमाणु संयंत्र में बड़ा हादसा हुआ था। इसके चार में से एक रिएक्टर में विस्फोट हो गया था। इसे दुनिया का सबसे बड़ा परमाणु हादसा माना जाता है। रिएक्टर से गैस का रिसाव रोकने के लिए इस पर एक सुरक्षा घेरा तैयार किया गया। इस घेरे को सैर्कोफागुस कहा जाता है।
जेलेंस्की का दावा-रूस ने परमाणु संयंत्र पर ड्रोन से हमला किया।
आग बुझा दी गई-जेलेंस्की
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि रूसी ड्रोन ने न्यूक्लियर पावर प्लांट में नष्ट हो चुकी बिजली यूनिट के शेल्डर पर हमला, जिससे आग लगा। बाद में आग को बुझा दिया गया। ज़ेलेंस्की ने कहा कि अभी तक विकिरण का स्तर नहीं बढ़ा है और लगातार निगरानी की जा रही है। प्रारंभिक आकलन के हवाले से काफी नुकसान की बात कही गई है।
'ऐसे संयंत्रों पर हमला करने वाला रूस दुनिया का इकलौता देश'
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि हमले के बाद जहां तक विकिरण की बात है तो इसका स्तर बढ़ा नहीं है लेकिन इस पर लगातार नजर रखी जा रही है। जेलेंस्की ने कहा कि दुनिया में रूस ही एक मात्र ऐसा देश है जो इस तरह के संयंत्रों पर हमला करता है। वह इसके दुष्परिणामों की परवाह नहीं करता।
X पर जेलेंस्की ने पोस्ट किया वीडियो
X पर जेलेस्की ने एक वीडियो पोस्ट किया है। इस वीडियो में इमारत से धुआं निकलता देखा जा सकता है। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने कहा कि स्थानीय समय 2 AM उसकी टीम को एक विस्फोट की आवाज सुनाई पड़ी। इसके बाद वहां आग लग गई। टीम को बताया गया कि संयंत्र पर ड्रोन से हमला हुआ है। बता दें कि यूक्रेन के इस संयंत्र पर ऐसे समय हमला हुआ है जब जर्मनी के म्यूनिख में जेलेंस्की की मुलाकात अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेडी वेंस से होनी है। इस हमले के बाद जेलेंस्की ने कहा कि यह बताता है कि पुतिन बातचीत शुरू करने के लिए तैयार नहीं हैं। वह दुनिया को धोखा दे रहे हैं।
