सिंगापुर में चीनी मूल के कैब ड्राइवर पर महिला के साथ अभद्रता करने का आरोप लगा है। पीड़िता की ओर से शिकायत की गई कि कैब वाले ने गाड़ी में सवार महिला और उनकी बेटी को अपशब्द कहे। ऐसा उसने मां-बेटी को भारतीय समझकर किया। वैसे, शुरुआती तौर पर जांच में पता चला है कि महिला की ओर से गंतव्य को लेकर गलत जानकारी देने के चलते कैब वाला खफा हो गया था।
शनिवार (23 सितंबर, 2023) की इस घटना को लेकर 46 साल की जेनेला होइडन ने बताया, ‘‘कैब चालक ने मुझसे कहा था, ‘तुम भारतीय हो...तुम मूर्ख हो।’’ इस बीच, समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा की रिपोर्ट में "द स्ट्रेट टाइम्स" की खबर के हवाले से बताया गया कि वारदात के समय जेनेला नौ साल की बिटिया के साथ सफर कर रही थीं। पीड़िता ने चालक के साथ हुई तीखी बहस को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया था।
जेनेला ने बताया कि उन्होंने अपराह्न करीब दो बजे कैब बुक की थी। रास्ते में मेट्रो निर्माण कार्य के कारण मार्ग का एक हिस्सा बंद था। मार्ग बाधित होने के चलते कैब चालक नाराज हो गया था। बकौल पीड़िता, ‘‘कैब ड्राइवर मुझ पर चिल्लाने लगा और कहने लगा कि मैंने उसे गलत पता और गलत रास्ता बताया है।’’ घटना का विवरण देते हुए जेनेला ने कहा, ‘‘चालक ने कहा कि आप भारतीय हैं, मैं चीनी हूं... आप बहुत ही बुरी हैं।’’
