US Iran Peace Talks: अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की वार्ता के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जारेड कुशनर शनिवार को पाकिस्तान जाएंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जारेड कुशनर
क्या वेंस नहीं होंगे शामिल?
व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को पुष्टि की कि अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जारेड कुशनर ईरान के साथ बातचीत के लिए शनिवार सुबह पाकिस्तान रवाना होंगे। हालांकि, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इस्लामाबाद नहीं जा रहे हैं।
अराघची जा रहे इस्लामाबाद
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इस्लामाबाद की यात्रा पर रवाना हो रहे हैं। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''मैं इस्लामाबाद, मस्कट और मॉस्को की समयानुकूल यात्रा पर रवाना हो रहा हूं। मेरी इन यात्राओं का उद्देश्य द्विपक्षीय मुद्दों पर अपने साझेदारों के साथ करीबी समन्वय करना और क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर विचार-विमर्श करना है। हमारे पड़ोसी देश हमारी प्राथमिकता हैं।''
व्हाइट हाउस प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने फॉक्स न्यूज से कहा, ''मैं पुष्टि कर सकती हूं कि विशेष दूत विटकॉफ और जारेड कुशनर कल सुबह फिर पाकिस्तान जाएंगे, जहां वे ईरानी प्रतिनिधिमंडल के साथ सीधी बातचीत करेंगे। इस वार्ता में पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभाएगा, जिसने पूरे प्रक्रिया में शानदार दोस्त और मध्यस्थ के रूप में काम किया है।''
कैरोलिन लेविट ने बताया कि ईरान ने खुद संपर्क किया और राष्ट्रपति ट्रंप की अपील के बाद आमने-सामने बातचीत का अनुरोध किया। इससे पहले, सामने आया कि राष्ट्रपति ट्रंप इस सप्ताहांत ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के साथ वार्ता के लिए दोनों प्रतिनिधियों को भेज रहे हैं। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर बातचीत में प्रगति होती है तो उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को भी इस्लामाबाद भेजा जा सकता है।
वार्ता पर वेंस रखेंगे करीब नजर
कैरोलिन लेविट ने बताया कि उपराष्ट्रपति वेंस अमेरिका में रहकर इस पूरे घटनाक्रम पर करीब नजर बनाए रखेंगे। उनके राथ राष्ट्रपति ट्रंप, विदेश मंत्री मार्को रूबियो और राष्ट्रीय सुरक्षा टीम भी लगातार अपडेट लेती रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर सभी वरिष्ठ अधिकारी पाकिस्तान जाने के लिए तैयार रहेंगे।
सनद रहे कि पाकिस्तान के इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच पहले दौर की वार्ता विफल हुई थी। इसके बाद लगातार स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Hormuz) पर गहमागहमी देखी गई। हाल ही में ट्रंप ने दावा किया था कि अमेरिकी सेना ने होर्मुज पर पूरी तरह से कंट्रोल कर लिया है। साथ ही अमेरिकी सेना को ईरानी जहाजों पर गोलीबारी करने का निर्देश दिया था।
