Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव अपने चरम पर है। रूस, अमेरिका, इजरायल सहित ज्यादातर देशों ने एक स्वर में आतंकवादी हमले की निंदा की है। इसी कड़ी में अमेरिका ने बड़ा ऐलान किया। अमेरिका ने कहा कि वह पहलगाम हमले के आतंकवादियों को पकड़ने में भारत की मदद करेगा।
अमेरिका की राष्ट्रीय खुफिया एजेंसी की निदेशक तुलसी गबार्ड ने शुक्रवार को हमले की निंदा करते हुए कहा कि अमेरिका भारत के साथ खड़ा है। बता दें कि पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई जिसमें ज्यादातर पर्यटक थे, जबकि कई लोग घायल हो गए। इस हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान पर कई प्रतिबंध लगाए जिसको लेकर पड़ोसी देश बौखलाया हुआ है और उसने भारतीय विमानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है।
तुलसी गबार्ड ने क्या कुछ कहा?
तुलसी गबार्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''हम पहलगाम में 26 हिंदुओं को निशाना बनाकर किए गए भयावह इस्लामी आतंकी हमले के मद्देनजर भारत के साथ खड़े हैं।''
उन्होंने कहा कि मेरी प्रार्थनाएं और गहरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। हम भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैं और इस जघन्य हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को दबोचने में आपका समर्थन करेंगे।इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी से फोन पर बात की और पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा।
