बांग्लादेश में क्यों हुई हिंदू शिक्षक समेत पूरे परिवार की हत्या? दो संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद सामने आ रही ये वजह

बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक हिंदू परिवार के चार सदस्य संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। सेवानिवृत्त शिक्षक गणपति चक्रवर्ती, उनकी पत्नी, 23 वर्षीय बेटी और 12 वर्षीय बेटे के शव शनिवार रात बंद घर से बरामद हुए। गुरुवार से परिवार के सभी मोबाइल फोन बंद थे। पुलिस, CID, डिटेक्टिव ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है।

बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक रिटायर्ड हिंदू स्कूल शिक्षक, उनकी पत्नी, बेटी और 12 वर्षीय बेटे की हत्या का मामला सामने आया है। चारों के शव शनिवार रात उनके बंद घर से बरामद किए गए। मामले में पुलिस ने मामले में दो युवकों को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में पुलिस का कहना है कि दोनों युवक घर की छत पर याबा नाम की नशीली गोली का सेवन कर रहे थे और मृतक शिक्षक गणपति ने उन्हें रोकने की कोशिश की थी। इसके बाद कथित तौर पर एक-एक कर परिवार के चारों सदस्यों की हत्या कर दी गई।

बांग्लादेश में हिंदू शिक्षक की परिवारीजनों संग हत्या।

बांग्लादेश में हिंदू शिक्षक की परिवारीजनों संग हत्या।

कौन-कौन मारा गया?

मृतकों की पहचान 65 वर्षीय गणपति चक्रवर्ती, उनकी 50 वर्षीय पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती, बेटी अगामी चक्रवर्ती प्रार्थी और 12 वर्षीय बेटे प्रियाम चक्रवर्ती आयुष के रूप में हुई है। गणपति चक्रवर्ती रंगपुर जिला स्कूल के रिटायर्ड शिक्षक थे। वे पिछले साल दिसंबर में सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी बेटी ने अंग्रेजी में मास्टर डिग्री पूरी की थी और नौकरी की तैयारी कर रही थी, जबकि बेटा पांचवीं कक्षा का छात्र था।

बंद घर से मिले चारों शव

यह घटना रंगपुर के दासपाड़ा इलाके में हुई। परिवार के सदस्य कई दिनों से दिखाई नहीं दिए थे और घर बाहर से बंद था। शनिवार रात घर से दुर्गंध आने के बाद पड़ोसियों को शक हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और घर का ताला खोलकर अंदर तलाशी ली गई। करीब रात 11:30 बजे चारों शव बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, शव घर के अलग-अलग हिस्सों में मिले। गणपति का शव छत पर, पत्नी और बेटी के शव सीढ़ियों के पास और बेटे का शव कमरे में बिस्तर के नीचे मिला। शुरुआती जांच में गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। हालांकि मौत की अंतिम वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी।

End of Feed