दुनिया

JD वेंस या कोई और... ईरान के साथ वार्ता में कौन होगा शामिल? व्हाइट हाउस ने US की योजना को लेकर दिया बड़ा बयान

US Iran Ceasefire Talks: अमेरिका और ईरान के बीच अस्थायी तौर पर सीजफायर का ऐलान हुआ। इस दौरान, ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि अमेरिका को ईरान से 10 सूत्रीय प्रस्ताव प्राप्त हुआ है।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (फाइल फोटो साभार: @JDVance)

Photo : Twitter

US Iran Ceasefire Talks: अमेरिका और ईरान के बीच अस्थायी तौर पर सीजफायर का ऐलान हुआ। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के मुताबिक, ईरान के साथ अमेरिका और इजरायल दो सप्ताह के सीजफायर पर सहमत हो गए हैं। ट्रंप के इस दावे के बाद भी ईरान के लवान द्वीप पर हमले की रिपोर्ट सामने आई, जबकि कुवैत सहित कई खाड़ी देशों ने भी ड्रोन हमले की सूचना दी।

क्या जेडी वेंस वार्ता में होंगे शामिल?

इस बीच, ईरान के साथ बातचीत को लेकर व्हाइट हाउस का बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने स्पष्ट किया है कि वार्ता को लेकर अभी कुछ भी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। ऐसे में वार्ता में अमेरिका की तरफ से कौन शामिल होगा? इसकी भी कोई जानकारी नहीं है और न ही इस पर कोई निर्णय हुआ है। हालांकि, पाकिस्तान में होने वाली अमेरिका-ईरान वार्ता में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की भागीदारी को लेकर पूछे गए सवाल पर व्हाइट हाउस ने कहा कि आमने-सामने की बातचीत के बारे में चर्चा चल रही है।

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने एक बयान में कहा, ''आमने-सामने की बातचीत के बारे में चर्चा चल रही है, लेकिन राष्ट्रपति या व्हाइट हाउस द्वारा घोषणा किए जाने तक कुछ भी अंतिम नहीं है।'' बता दें कि जेडी वेंस हंगरी में हैं, जहां वह आगामी चुनावों से पहले प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बन का समर्थन कर रहे हैं।

अमेरिका-ईरान के बीच कहा होगी वार्ता?

तेहरान में ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने कहा कि उसने दो सप्ताह के सीजफायर को स्वीकार कर लिया है और वह शुक्रवार से इस्लामाबाद में अमेरिका से बातचीत करेगा। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधिमंडलों को शुक्रवार 10 अप्रैल को इस्लामाबाद आने का न्योता दिया है।

ईरान का 10 सूत्रीय प्रस्ताव

ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि अमेरिका को ईरान से 10 सूत्रीय प्रस्ताव प्राप्त हुआ है, जिसे वह बातचीत के लिए एक व्यवहारिक आधार मानते हैं। उन्होंने कहा, ''दो सप्ताह के सीजफायर का उपयोग एक बड़े समझौते पर बातचीत के लिए किया जाएगा, जिससे युद्ध को समाप्त किया जा सके।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article