Where Is Mojtaba Khamenei : ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामनेई कहां हैं और किस हालत में हैं, इसके बारे में कोई सटीक जानकारी उपलब्ध नहीं है। मीडिया में उनके बारे में कई तरह की बातें की जा रही हैं। रिपोर्टें उनके जिंदा न होने, हमले में घायल होने और मास्को में इलाज कराने से जुड़ी हुई हैं। हालांकि, ईरान का दावा है कि मोजतबा सुरक्षित हैं। मोजतबा के पिता एवं ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामनेई गत 28 फरवरी को इजराइल के 'ऑपरेशन ब्लू स्पैरो' में मारे गए। इजराइल की मिसाइल तेहरान के उस परिसर में गिरी जहां खामनेई अपने परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों, अपने करीबियों एवं इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौजूद थे। इस हमले में ये सभी मारे गए।
28 फरवरी के बाद सार्वजनिक रूप से नहीं देखे गए मोजतबा खामनेई।
मोजतबा कोमा में हैं?
रिपोर्ट यह भी है कि इस बैठक में मोजतबा भी शामिल थे और मिसाइल हमले के समय वह बैठक में मौजूद नहीं थे। वह टहलने के लिए बगीचे की तरफ चले गए थे। हालांकि, मिसाइल हमले से वे पूरी तरह बच नहीं पाए। रिपोर्टों में कहा गया कि उन्हें पैर और पेट में चोट लगी। वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट में कहा गया कि घायल मोजतबा का पैर काटना पड़ा है, और वह कोमा में हैं। कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि वह ईरान में नहीं बल्कि रूस की राजधानी मास्को में हैं। कहने का मतलब है कि मोजतबा के बारे में कई थियरीज सामने आई हैं।
ऑडियो से पता चला कि मोजतबा हमले में बच गए
टेलिग्राफ को मिले एक ऑडियो के मुताबिक 28 फरवरी के हमले में उनके पिता की तरह मोजतबा को भी निशाना बनाया गया था लेकिन हमला होने से चंद सेकेंड पहले वह परिसर के बगीचे में टहलने के लिए आ गए थे। इमारत में मौजूद न होने के चलते वह इस हमले से बच गए। इस हमले में उनके पैर में हल्की चोट आने की बात कही गई है। दरअसल, अली खामनेई के प्रोटोकॉल ऑफिसर मजहर हुसैनी ने 12 मार्च को वरिष्ठ मौलवियों एवं आईआरजीसी के कमांडरों को इस हमले की जानकारी दी थी। इस दौरान उनकी बातचीत रिकॉर्ड हुई। ऑडियो से पता चलता है कि हमले के वक्त सुप्रीम लीडर के कंपाउंड में क्या हुआ था। हुसैनी ने बताया कि इस हमले में मोजतबा की पत्नी जाहरा हद्दाद अदेल एवं उनके बेटे बाघेर की मौत हुई।
नए सुप्रीम लीडर के वेंटिलेटर पर होने का दावा
'द सन' की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद मोजतबा या तो आईसीयू में हैं या वेंटिलेटर पर। उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही है। रिपोर्ट में एक सूत्र के हवाले से कहा गया कि वह कोमा में हैं। सूत्र ने कहा, 'मोजतबा अचेत की स्थिति में हैं। वेंटिलेटर से हटाए जाने पर उनकी जान जा सकती है।' हालांकि, समचार पत्र का यह दावा अप्रमाणित है। सूत्र ने यह भी कहा कि हमले में कम से कम उन्हें अपना एक पैर खोना पड़ा है। इसके अलावा उनके लिवर, पेट में चोटें आई हैं।
इलाज के लिए उन्हें रूस ले जाया गया-रिपोर्ट
मोजतबा खामनेई के बारे में अल-जरीदा की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उन्हें 12 मार्च को गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्नत चिकित्सा उपचार के लिए एक रूसी सैन्य विमान के जरिए रूस ले जाया गया। रिपोर्ट के अनुसार, यह कदम व्लादिमीर पुतिन के प्रस्ताव के बाद उठाया गया, क्योंकि युद्ध की स्थिति में ईरान में आवश्यक विशेष चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं। इसमें यह भी कहा गया है कि उन्हें एक उच्च-सुरक्षा सुविधा में लगातार निगरानी में रखा गया है। हालांकि, रूसी अधिकारियों ने इस दावे की न तो पुष्टि की है और न ही खंडन किया है, और इसकी कोई स्वतंत्र पुष्टि भी सामने नहीं आई है।
सार्वजनिक रूप से कहीं नजर नहीं आए हैं मोजतबा
ये सारी अटकलें और दावे इसलिए किए जा रहे हैं क्योंकि 28 फरवरी के हमले और नया सुप्रीम लीडर चुने जाने के बाद मोजतबा सार्वजनिक रूप से कहीं नजर नहीं आए हैं। युद्ध शुरू होने के बाद से वे न तो कैमरे पर दिखाई दिए हैं, न ही उन्होंने कोई भाषण दिया है और न ही किसी आधिकारिक कार्यक्रम में नजर आए हैं। उनके नाम से जारी बयान राज्य मीडिया के माध्यम से प्रसारित किए जा रहे हैं और एंकरों द्वारा पढ़े जा रहे हैं, जिससे उनकी प्रत्यक्ष भागीदारी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
