Donald Trump: ईरान युद्ध की वजह से कच्चे तेल की कीमतों में हुई वृद्धि पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बयान दिया है। व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने शुक्रवार (स्थायी समयानुसार) को कहा कि युद्ध जैसे ही खत्म होगा बाकी चीजों की तरह तेल के दाम भी नीचे आ जाएंगे। तब तक दुनिया को इंतजार करना होगा। ट्रंप ने कहा कि पहले उन्हें मध्य पूर्व से न्यूक्लियर खतरे को समाप्त करना है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान पर बहुत बड़ा हमला हमला हुआ है। ईरान लड़ने की स्थिति में नहीं है। मध्य पूर्व को अपने कब्जे में लेने की जो उसकी साजिश थी, उसे खत्म कर दिया गया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।
...तेल की कीमतें कम हो जाएगी-ट्रंप
'जहां तक कच्चे तेल की कीमत बढ़ने की बात है तो मेरा मानना है कि जैसे ही यह युद्ध खत्म होगा अन्य चीजों की तरह क्रूड ऑयल के दाम भी नीचे आ जाएंगे। मुझे लगता है कि यह होने जा रहा है। ऊर्जा से जुड़ा जो कुछ भी है जैसे कि गैसोलिन, गैस सभी की कीमत में बड़ी गिरावट आपको देखने को मिलेगी। बस युद्ध समाप्त होने की देर है।' ट्रंप ने आगे कहा कि हमें मध्य पूर्व में और दुनिया में न्यूक्लियर खतरे को समाप्त करना है। यह हम करके रहेंगे।
आज हमने बहुत बड़े हमले किए-ट्रंप
खर्ग द्वीप को निशाने बनाए जाने पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान पर हमारी बढ़त है, ऐसी बढ़त किसी ने पहले नहीं देखी। वे लड़ने की हालत में नहीं हैं। उनकी नौसेना, वायुसेना खत्म हो चुकी है। उनकी ज्यादातर सेना का भी खात्मा हो चुका है। उनके पास कोई रडार नहीं है। उनके पास एंटी-एयरक्राफ्ट हथियार भी नहीं हैं। लेकिन आज हमने बहुत बड़े-बड़े हमले किए। ये हमले बहुत ताकतवर थे।
'युद्ध पर हम अपने तय समय से आगे बढ़ चुके हैं'
रिपोर्टर के इस सवाल पर कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से तेल टैंकरों को निकालने के लिए यूएस नेवी कब अपनी सुरक्षा देगी? इस पर ट्रंप ने कहा कि यह जल्द शुरू हो जाएगा। इस सवाल पर कि यह युद्ध कब तक चलेगा। इस सवाल पर ट्रंप ने कहा कि 'मैं यह आपको बता सकता हूं। मेरा मानना है कि इस युद्ध को लेकर मेरी एक सोच है। जब तक जरूरी होगा यह युद्ध चलता रहेगा। हमारे हमलों के बाद ईरान की हालत खराब हो गई। उनका सारा ढांचा ढह गया है। कुछ फर्जी रिपोर्टों में ईरान के बारे में बढ़ा-चढ़ाकर बताया जा रहा है कि वे युद्ध बहुत अच्छे से लड़ रहे हैं लेकिन वे कुछ नहीं कर पा रहे। वे केवल बुरा कर रहे हैं। मैं उन्हें समय देने नहीं जा रहा हूं लेकिन हम अपने तय समय से आगे बढ़ चुके हैं।'
मध्य पूर्व में यूएस ने भेजे 2500 मरीन
ईरान के खिलाफ अमेरिका ने अपने सैन्य अभियान को और तेज कर दिया है। उसने मध्य पूर्व में एक एम्फीबियस असाल्ट शिप और 25000 मरीन्स रवाना कर दिया है। एक अमेरिकी अधिकारी ने द एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि 31वीं मरीन एक्पेडिशिनरी यूनिट के मरीन और एम्फीबियस असाल्ट शिप यूएसएस त्रिपोली को मध्य पूर्व जाने का आदेश दे दिया गया है।
