भारत और पाकिस्तान के बीच हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। पाकिस्तान की तरफ से भारत के कई शहरों पर मिसाइल हमले की कोशिश के बाद भारत ने इस ना'पाक' कोशिश को तो नाकाम कर दिया। लेकिन भारत ने पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों पर हमला बोल दिया। इस बीच अमेरिका के उपराष्ट्रपति की तरफ से बयान आया है। जिसमें उन्होंने तनाव कम करने को कहा है।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेन्स का कहना है कि अमेरिका भारत-पाकिस्तान से हथियार डालने के लिए नहीं कह सकता है। उनका कहना है कि ये उनका काम नहीं है। उन्होंने कहा, 'हम जो कर सकते हैं, वह यह है कि इन लोगों को थोड़ा तनाव कम करने के लिए प्रोत्साहित करने की कोशिश करें, लेकिन हम युद्ध के बीच में नहीं पड़ने जा रहे हैं।'
अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने कहा, मूल रूप से हमारा कोई काम नहीं है। अमेरिका की इस टेंशन को नियंत्रित करने की क्षमता से कोई लेना-देना नहीं है। आप जानते हैं कि अमेरिका भारतीयों से हथियार डालने के लिए नहीं कह सकता। हम पाकिस्तान से हथियार डालने के लिए नहीं कह सकते।
जेडी वेन्स ने कहा, हम कूटनीतिक चैनलों के माध्यम से इस मामले को आगे बढ़ाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा, हमें आशा और अपेक्षा करते हैं कि यह एक व्यापक क्षेत्रीय युद्ध या, भगवान न करे, परमाणु युद्ध में नहीं बदले। हमें नहीं लगता कि ऐसा होने वाला है।
