US naval blockade : अमेरिका के सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने बुधवार (स्थानीय समयानुसार) को कहा कि उसके विध्वंसक यूएसएस स्प्रुएंस ने ईरान का झंडा लगे एक मालवाहक जहाज को वापस जाने के लिए मजबूर कर दिया। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ईरान की नाकेबंदी की दिशा में अमेरिका की यह ताजा कार्रवाई है जिसमें ईरानी जहाज को वापस भेजा गया है। X पर अपने एक पोस्ट में CENTCOM ने कहा कि इस मालवाहक जहाज ने नाकेबंदी एवं प्रतिबंधों से बचकर आगे निकलने की कोशिश की लेकिन उसके प्रयास को नाकाम कर दिया गया। बता दें कि होर्मुज से ईरानी जहाजों की आवाजाही रोकने के लिए अमेरिका ने इस सप्ताह की शुरुआत में नाकेबंदी लगाई।
विध्वंसक स्प्रुएंस ने ईरानी जहाज को रोका
X पर अपने एक पोस्ट में CENTCOM ने कहा कि 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बंदर अब्बास बंदरगाह से निकलने के बाद ईरान का ध्वज वाला एक मालवाहक जहाज ने अमेरिकी नाकेबंदी से बच निकलने की कोशिश की। यह जहाज ईरान के तट से होकर निकल रहा था। तभी गाइडेड मिसाइल विध्वंसक स्प्रुएंस ने आगे बढ़ने से सफलतापूर्वक रोक दिया और अब यह मालवाहक जहाज वापस ईरान जा रहा है।'
नाकेबंदी के बाद ईरान के जहाजों को लौटाया जा रहा-CENTOM
सेंटकॉम ने आगे बताया कि नाकाबंदी शुरू होने के बाद अब तक 10 जहाजों को लौटा दिया गया है। सोमवार से नाकेबंदी शुरू होने के बाद से इस रास्ते से किसी भी जहाज को गुजरने नहीं दिया गया है। अमेरिकी सेना का दावा है कि नाकेबंदी शुरू होने के बाद इस इलाके में उनका पूरी तरह से नियंत्रण है। कई व्यापारिक जहाजों को लौटाया जा रहा है। ईरान की तरफ से आने वाले या उसकी तरफ जाने वाले जहाजों को आगे बढ़ने की इजाजत नहीं दी जा रही है।

donald trump
नाकाबंदी का पालन सुनिश्चित करने के लिए बल प्रयोग करेंगे
अमेरिकी नौसेना के युद्धपोत ईरान और उसके आसपास के व्यापारिक जहाजों को यह चेतावनी दे रहे हैं कि वे उन्हें नियंत्रण में लेने और ईरान के साथ व्यापार करने वाले जहाजों की नाकाबंदी का पालन सुनिश्चित करने के लिए बल प्रयोग करेंगे। अमेरिकी मध्य कमान द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए नौसेना के एक रेडियो संदेश में कहा गया, 'ईरानी बंदरगाहों से आने-जाने वाले जहाजों को रास्ते में रोककर उनकी तलाशी ली जाएगी और उन्हें जब्त किया जाएगा।’ सेना के एक अधिकारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर जारी सैन्य अभियान की जानकारी देते हुए यह पुष्टि की कि यह संदेश फिलहाल क्षेत्र के सभी जहाजों को प्रसारित किया जा रहा है। रेडियो संदेश में चेतावनी देते हुए कहा गया, 'यदि आप इस नाकाबंदी का पालन नहीं करते हैं, तो हम बल प्रयोग करेंगे।’
