दुनिया

ऐसा क्या हुआ कि कोलंबिया ने अमेरिका को दिखा दी आंख, लौटा दिए दो फ्लाइट; गुस्साए ट्रंप ने लगा दिया शुल्क और वीजा प्रतिबंध

डोनाल्ड ट्रंप का आरोप है कि कोलंबिया की सरकार ने निर्वासित प्रवासियों को वापस भेजने वाली उड़ानों को अस्वीकार करके अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डाला है। वहीं, कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो का यह कहना कि वे तभी अमेरिका से निर्वासित प्रवासियों को स्वीकार करेंगे जब एक "सम्मानजनक" प्रोटोकॉल तैयार किया जाएगा।

Image

कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • अमेरिका और कोलंबिया में तनाव
  • अवैध प्रवासियों के मुद्दे पर तनाव
  • कोलंबिया ने नही मानी ट्रंप की बात

दुनिया के सबसे ताकतवर देश अमेरिका को एक छोटे से देश कोलंबिया ने आंख दिखाना शुरू कर दिया है। कोलंबिया ने सीधे तौर पर ट्रंप का फरमान मानने से इनकार करते हुए उन दो फ्लाइट्स को अपने देश में घुसने से रोक दिया, जिसमें अवैध प्रवासी सवार थे। कोलंबिया के इस फैसले से ट्रंप गुस्सा हो गए हैं और उन्होंने कोलंबिया के खिलाफ प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया है।

ट्रंप ने वीजा प्रतिबंध के दिए आदेश

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि कोलंबिया की सरकार ने प्रवासियों को लाने वाली दो उड़ानों को अस्वीकार कर दिया है और इसलिए वह कोलंबिया के खिलाफ शुल्क, वीजा प्रतिबंध और अन्य जवाबी कदम उठाने का आदेश दे रहे हैं। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर यह घोषणा की।

क्या बोले ट्रंप

उन्होंने कहा कि कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो के फैसले ने अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा को ‘‘खतरे में’’ डाल दिया है। ट्रंप ने लिखा, ‘‘ये सिर्फ़ शुरुआती कदम हैं। हम कोलंबियाई सरकार को अमेरिका में जबरन घुसे अपराधियों को स्वीकार करने और उनकी वापसी संबंधी उसके कानूनी दायित्वों का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं देंगे।’’

कोलंबिया ने क्या कहा

इससे पहले रविवार को पेट्रो ने घोषणा की थी कि उनकी सरकार अमेरिका से निर्वासित प्रवासियों को लाने वाली उड़ानों को तब तक स्वीकार नहीं करेगी, जब तक कि ट्रंप प्रशासन उनके साथ ‘‘सम्मानजनक’’ व्यवहार वाला एक एक प्रोटोकॉल नहीं बनाता।

दोनों देशों के बीच तनाव

यह स्थिति अमेरिकी और कोलंबियाई प्रशासन के बीच एक जटिल कूटनीतिक चुनौती पैदा करती दिख रही है। ट्रंप का कदम उस समय आ रहा है जब दोनों देशों के बीच पहले से ही कई मुद्दों पर मतभेद हैं। अब यह देखना होगा कि क्या कोलंबिया और अमेरिका के बीच यह संकट और बढ़ेगा, या फिर यह समस्या बातचीत और समझौते से सुलझाई जा सकेगी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article