दुनिया

डोनाल्ड ट्रंप को खूब पसंद आया PM मोदी का पॉडकास्ट, अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने सोशल मीडिया 'ट्रूथ सोशल' पर किया शेयर

PM Modi's podcast : इस बातचीत के दौरान ही प्रधानमंत्री मोदी ने डोनाल्ड ट्रंप की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पिछले साल ट्रंप को मारने की दो बार असफल कोशिश हुई। इसके बावजूद अमेरिका की सेवा करने से वे जरा भी पीछे नहीं हटे। यही नहीं, पीएम मोदी ने उनकी 'अमेरिका फर्स्ट' नीति को भारत के 'इंडिया फर्स्ट' नजरिए के करीब बताया।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पॉडकास्ट का लिंक शेयर किया है।

PM Modi's podcast : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को प्रधानमंत्री नरेंद्र नोदी पॉडकास्ट काफी पसंद आया है। कंप्यूटर साइंटिस्ट एवं पॉडकास्टर लेक्स फ्रिडमैन के साथ उनके पॉडकास्ट को ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रूथ सोशल' पर शेयर किया है। अपने पोस्ट में अमेरिकी राष्ट्रपति ने पीएम मोदी के पॉडकास्ट का लिंक शेयर किया है। फ्रिडमैन के साथ बातचीत में पीएम मोदी ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, क्रिकेट, फुटबाल, चीन, अमेरिकी राष्ट्रपति, पाकिस्तान और अपने बचपन से जुड़ी बातें बेबाकी से बताई हैं।

बातचीत में पीएम मोदी ने ट्रंप की तारीफ की

इस बातचीत के दौरान ही प्रधानमंत्री मोदी ने डोनाल्ड ट्रंप की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पिछले साल ट्रंप को मारने की दो बार असफल कोशिश हुई। इसके बावजूद अमेरिका की सेवा करने से वे जरा भी पीछे नहीं हटे। यही नहीं, पीएम मोदी ने उनकी 'अमेरिका फर्स्ट' नीति को भारत के 'इंडिया फर्स्ट' नजरिए के करीब बताया। पीएम ने कहा कि यह अच्छी बात है कि दोनों देश अपने हितों को पहले आगे रखते हैं। यह बात दोनों नेताओं को और एक-दूसरे के करीब लाती है।

donald

donald

इस बार अधिक तैयार दिखाई दे रहे हैं ट्रंप-पीएम

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप अपने दूसरे कार्यकाल में पहले की तुलना में कहीं अधिक तैयार दिखाई दे रहे हैं। मोदी ने राष्ट्रपति के तौर पर ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के बारे में कहा, ‘उनके दिमाग में सुपरिभाषित कदमों के साथ स्पष्ट रोडमैप है, हर रोडमैप उन्हें उनके लक्ष्यों की ओर ले जाने के लिए तैयार किया गया है।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी हालिया अमेरिका यात्रा के दौरान उन्हें ट्रंप की टीम के सदस्यों से मिलने का अवसर मिला। उन्होंने कहा, ‘मेरा मानना है कि उन्होंने मजबूत और सक्षम टीम बनाई है। और इतनी मजबूत टीम के साथ, मुझे लगता है कि वे राष्ट्रपति ट्रंप के दृष्टिकोण को लागू करने में पूरी तरह सक्षम हैं।’

2019 के हाउडी मोदी कार्यक्रम को याद किया

इस दौरान, उन्होंने उपराष्ट्रपति जे डी वेंस, राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड, विवेक रामास्वामी और एलन मस्क के साथ अपनी बैठकों को याद किया। प्रधानमंत्री ने सितंबर 2019 में ह्यूस्टन में खचाखच भरे एनआरजी स्टेडियम में आयोजित ‘हाउडी मोदी’ सामुदायिक कार्यक्रम को याद किया और बताया कि किस तरह ट्रंप ने दर्शकों के बीच बैठकर उनका भाषण सुना था। उन्होंने कहा, ‘यह उनकी विनम्रता है। जब मैं मंच से बोल रहा था तब अमेरिका के राष्ट्रपति श्रोताओं में बैठे थे। यह उनका शानदार भाव था।’

'ट्रंप अपने फैसले खुद करते हैं'

प्रधानमंत्री ने यह भी याद किया कि कैसे अमेरिकी सुरक्षा व्यवस्था में उस समय खलबली मच गई थी जब उन्होंने ट्रंप से दर्शकों का अभिवादन करने के लिए खचाखच भरे स्टेडियम का दौरा करने को कहा था और वह बिना किसी हिचकिचाहट के सहमत हो गए थे। उन्होंने कहा, ‘उनकी पूरी सुरक्षा सकते में आ गई थी। लेकिन मेरे लिए वह क्षण वास्तव में दिल को छू लेने वाला था। इससे पता चला कि इस आदमी में हिम्मत है। वह अपने फैसले खुद करते हैं, लेकिन साथ ही उन्होंने उस पल में मुझ पर और मेरे नेतृत्व पर भरोसा किया कि वह मेरे साथ भीड़ के बीच चले गए।’

उनका जीवन अपने राष्ट्र के लिए है-पीएम

मोदी ने कहा, ‘यह आपसी विश्वास की भावना थी, हमारे बीच एक मजबूत बंधन था जो मैंने उस दिन वास्तव में देखा। और जिस तरह से मैंने उस दिन राष्ट्रपति ट्रम्प को सुरक्षा के बिना हजारों की भीड़ में चलते देखा, वह वास्तव में अद्भुत था।’प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने उसी लचीले और दृढ़ ट्रंप को देखा जब अमेरिकी चुनाव अभियान के दौरान उन पर गोली चलाई गई थी। उन्होंने कहा, ‘गोली लगने के बाद भी वह अमेरिका के लिए अटूट रूप से समर्पित रहे। उनका जीवन अपने राष्ट्र के लिए है। इसने उनकी अमेरिका फर्स्ट भावना को दिखाया, जैसे मैं राष्ट्र प्रथम में विश्वास करता हूं', भारत पहले।’

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article