दुनिया

US Iran War: 'अमेरिका का कोई विमान नहीं गिरा'; ईरान के दावे पर भड़का US सेंट्रल कमांड, सोशल मीडिया पर बताया झूठ

US Iran War: अमेरिकी सेना (CENTCOM) ने ईरानी सरकारी मीडिया के उस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है जिसमें बुशहर प्रांत में एक अमेरिकी विमान को मार गिराने की बात कही गई थी। सेंटकॉम ने सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया कि अमेरिका का कोई विमान नहीं गिरा है और सभी सुरक्षित हैं।

Image

बुशहर प्रांत में अमेरिकी विमान गिराने की खबर पर भड़का अमेरिका (सांकेतिक चित्र | AP)

Photo : AP

US Iran War: अमेरिका और ईरान के बीच खाड़ी क्षेत्र में जारी भारी तनाव के बीच शुक्रवार को एक नया विवाद खड़ा हो गया। अमेरिकी सेना ने ईरानी सरकारी मीडिया की उन रिपोर्टों को सिरे से खारिज कर दिया है, जिनमें दावा किया गया था कि दक्षिणी ईरान के बुशहर प्रांत के पास एक अमेरिकी विमान को मार गिराया गया है। अमेरिका ने इसे पूरी तरह अफवाह और झूठी खबर करार दिया है।

ईरान का दावा: बुशहर के पास नष्ट किया अमेरिकी विमान

इससे पहले, ईरान के सरकारी टेलीविजन ने स्थानीय प्रशासन के हवाले से एक बड़ी खबर प्रसारित की थी। ईरानी मीडिया ने बुशहर प्रांत के जाम गवर्नरेट के स्थानीय गवर्नर मसूद तंगेस्तानी के हवाले से दावा किया था कि ईरानी सेना ने उनके क्षेत्र में घुसपैठ कर रहे एक अमेरिकी विमान को सफलतापूर्वक निशाना बनाकर नष्ट कर दिया है। इस खबर के सामने आते ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हड़कंप मच गया और दोनों देशों के बीच एक बार फिर युद्ध भड़कने की आशंकाएं तेज हो गईं।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड का पलटवार: 'हमारे सभी विमान सुरक्षित'

ईरान के इस आक्रामक दावे पर अमेरिकी सैन्य मुख्यालय 'यूएस सेंट्रल कमांड' (CENTCOM) ने बेहद त्वरित और सख्त प्रतिक्रिया दी है। सेंटकॉम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक बेहद स्पष्ट पोस्ट साझा करते हुए ईरान के दावों को झूठा बताया। US सेंट्रल कमांड ने 'X' पर लिखा कि ईरान के सरकारी टीवी ने दावा किया है कि ईरानी सेना ने बुशहर के पास एक अमेरिकी विमान को मार गिराया है। यह पूरी तरह झूठ है। सच्चाई यह है कि अमेरिका का कोई भी विमान मार नहीं गिराया गया है। हमारे सभी हवाई संसाधन (Air Assets) पूरी तरह सुरक्षित हैं।"

क्षेत्र में बढ़ा प्रोपेगैंडा का खतरा

पिछले कुछ दिनों में दोनों देशों के बीच हुई हवाई और सैन्य कार्रवाइयों के बाद अब जमीनी स्तर पर सूचनाओं का युद्ध जिसे इनफॉर्मेशन वॉर भी तेज हो गया है। एक तरफ जहां अमेरिका ईरान के सैन्य ठिकानों पर रक्षात्मक हमलों की बात कर रहा है, वहीं दूसरी ओर ईरान अपने घरेलू मोर्चे पर सेना का मनोबल बढ़ाने के लिए इस तरह के दावे कर रहा है। बहरहाल, अमेरिकी सेना के इस स्पष्टीकरण के बाद फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन खाड़ी क्षेत्र में अलर्ट का स्तर अभी भी बेहद ऊंचा बना हुआ है। दूसरी तरफ युद्ध विराम को बढ़ाने और स्थिति बेहतर करने के प्रयास भी जारी हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article