दुनिया

कुवैत में अमेरिका का F-15 क्रैश, पायलट ने इजेक्ट कर बचाई जान; देखिए वीडियो

कुवैत में एक अमेरिकी एफ-15 फाइटर जेट के क्रैश होने की खबर है। पायलट सुरक्षित बच निकला है। अभी तक इस क्रैश को लेकर अमेरिका या कुवैत की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Image

अमेरिकी F-15 लड़ाकू जेट क्रैश (फोटो- Viral Video Screenshot)

कुवैत में अमेरिका के एक एफ-15 फाइटर जेट क्रैश कर गया है। इसके वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। वीडियों में पायलट खुद को लड़ाकू विमान से इजेक्ट करते हुए दिख रहा है। सोमवार को ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी Islamic Republic News Agency (IRNA) ने दावा किया कि कुवैत के ऊपर अमेरिकी एफ-15 लड़ाकू विमान को मार गिराया गया है। एजेंसी ने स्थानीय सूत्रों के हवाले से कहा कि सोमवार सुबह कुवैत के आसमान में एक अमेरिकी F-15 Eagle को निशाना बनाया गया।

अभी तक अमेरिका और कुवैत की ओर से पुष्टि नहीं

IRNA ने एक वीडियो क्लिप भी साझा की है, जिसके बारे में उसका कहना है कि इसमें अमेरिकी एफ-15 के गिराए जाने का दृश्य दिखाया गया है। हालांकि इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। अभी तक अमेरिका या कुवैत की ओर से इस कथित घटना पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

पायलट के सुरक्षित होने का दावा

सोशल मीडिया पर शेयर की गई एक क्लिप में पैराशूट नीचे उतरता हुआ दिख रहा है, जबकि दूसरी क्लिप में एक एयरक्राफ्ट तेजी से गिरता हुआ दिख रहा है, जो टकराने से पहले स्टॉल-स्पिन में था। X पर चल रहे एक वीडियो में दिख रहा है कि पायलट को जमीन पर खड़े लोग मदद कर रहे हैं, फिर उसे कार के पीछे बिठाकर किसी अनजान जगह पर ले जाया जाता है। लोकल कवरेज में बताए गए कुवैती सूत्रों ने बताया कि पायलट को गंभीर चोटें नहीं आईं।

कुवैत में अमेरिकी दूतावास से धुआं उठते देखा गया

कुवैत के उस इलाके में सोमवार को धुआं उठता देखा गया जहां अमेरिकी दूतावास स्थित है। एक प्रत्यक्षदर्शी ने यह दावा किया। इससे पहले इलाके में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को दूतावास से दूर रहने की सलाह दी गई थी। कुवैत में अमेरिकी दूतावास के पास रहने वाले मिस्र के श्रमिक अयमान मोआद ने बताया कि उसने सोमवार को इलाके में धुआं देखा। हालांकि, अयमान को यह जानकारी नही थी कि क्या यह हमला विशेष रूप से उस दूतावास को निशाना बनाकर किया गया था। इससे पहले, अमेरिका ने वहां मौजूद अपने नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने और घरों के भीतर रहने की तत्काल चेतावनी जारी की थी। चेतावनी में बिना विस्तार से जानकारी दिए कहा गया था: "दूतावास न आएं।" इसके अलावा दुबई में भी कुछ स्थानों पर सोमवार को विस्फोट की आवाजें सुनाई दीं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article