US Embassy Middle East Security Alert: मध्य पूर्व में ईरान के साथ बढ़ते क्षेत्रीय तनाव और अनिश्चितता को देखते हुए संयुक्त राज्य अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए एक गंभीर सुरक्षा चेतावनी जारी की है। येरुशलम, काहिरा और क्षेत्र के अन्य अमेरिकी दूतावासों ने अपने नागरिकों को सलाह दी है कि वे सतर्क रहें और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत क्षेत्र से निकलने की तैयारी रखें।
मिडिल ईस्ट में उड़ानों पर संकट के बादल
द टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक अमेरिकी दूतावासों द्वारा जारी संयुक्त बयान में कहा गया है कि वर्तमान समय में मध्य पूर्व का सुरक्षा माहौल बेहद जटिल है और यहां कभी भी तनाव अचानक बढ़ सकता है। अलर्ट में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि ईरानी शासन का रवैया अप्रत्याशित है, जैसा कि हाल ही में बिना किसी पूर्व चेतावनी या उकसावे के क्षेत्रीय इलाकों में किए गए हमलों से देखा गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 12 साल, 166 एयरपोर्ट्स: PM मोदी ने किया भोगपुरम हवाई अड्डे का उद्घाटन, बोले-'अब आम आदमी के बजट में है हवाई सफर'
उड़ानें रद्द होने और यात्रा बाधित होने की आशंका
अमेरिका ने चेतावनी दी है कि स्थिति बिगड़ने पर उड़ानों का परिचालन रद्द हो सकता है, एयरस्पेस बंद किए जा सकते हैं और यात्रा में गंभीर बाधाएं आ सकती हैं। कई एयरलाइंस ने पहले ही इस क्षेत्र के लिए अपनी सेवाएं स्थगित या रद्द कर दी हैं। दूतावासों ने क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को सुझाव दिया है कि वे जल्द से जल्द व्यावसायिक साधनों से बाहर निकलने पर विचार करें।
यात्रा टालने की सलाह
इसके साथ ही जो अमेरिकी नागरिक फिलहाल मध्य पूर्व से बाहर हैं, उन्हें इस क्षेत्र की यात्रा करने या यहां से होकर गुजरने वाले मार्गों से पूरी तरह बचने या उस पर गंभीरता से पुनर्विचार करने की सख्त हिदायत दी गई है। जो लोग यात्रा कर रहे हैं, उन्हें लगातार एयरलाइंस और एयरपोर्ट के अपडेट्स पर नजर रखने को कहा गया है। हालांकि, स्थिति के बीच अमेरिकी दूतावास नियमित सेवाओं और वीजा कार्यों के लिए खुले रहेंगे।
