दुनिया

US Iran War Peace Talks: अमेरिका ने वो सबकुछ मांगा जो उसे युद्ध में हासिल नहीं हुआ- शांतिवार्ता विफल होने ईरान ने बता दी वजह

US Iran War Peace Talks: अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत फेल हो गई है। ईरान ने अब अमेरिका पर तंज कसते हुए कहा है कि अमेरिका, ईरान से वो चींजें मांग रहा था, जो वो युद्ध में हासिल नहीं कर सके।

Image

ईरान के साथ शांति वार्ता के लिए पाकिस्तान पहुंचे अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (फोटो-AP)

US Iran War Peace Talks: पाकिस्तान (Pakistan) की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता फेल हो गई है। ईरान ने अमेरिका की शर्तों को मानने से इनकार कर दिया है। जिसके बाद अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पाकिस्तान से निकल गए हैं। अब ईरान की ओर से भी इस वार्ता के फेल होने पर प्रतिक्रिया सामने आ गई है। ईरान ने कहा है कि अमेरिका ने अपनी शर्तों में वो सब चीजें शामिल की थीं, जिसे वो युद्ध में हासिल नहीं कर सका है।ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका को “अत्यधिक मांगों और अवैध अनुरोधों” से बचना चाहिए।

ईरान ने अमेरिका पर कसा तंज

घाना में स्थित ईरान के दूतावास @IRAN_GHANA ने कहा कि अमेरिका ने अपनी उपराष्ट्रपति को दुनिया के दूसरे छोर पर इस्लामाबाद भेजा। वहां 21 घंटे तक बातचीत चली, जिसमें अमेरिका ने वे सभी मांगें रखीं, जिन्हें वह युद्ध के जरिए हासिल नहीं कर सका था। लेकिन ईरान ने इन मांगों को साफ तौर पर खारिज कर दिया। बातचीत खत्म हो गई है। जलडमरूमध्य अब भी बंद है और अमेरिकी उपराष्ट्रपति खाली हाथ वापस लौट रहे हैं।

इस्लामाबाद में क्या-क्या हुआ?

अमेरिका के उपराष्ट्रपति JD Vance ने रविवार को कहा कि इस्लामाबाद में लंबी चली वार्ता के बावजूद अमेरिका और ईरान पश्चिम एशिया संघर्ष को समाप्त करने पर किसी समझौते तक नहीं पहुंच सके। उन्होंने बताया कि 21 घंटे की कोशिशों के बावजूद दोनों पक्ष अपने मतभेदों को कम नहीं कर पाए। वेंस ने कहा, “हम पिछले 21 घंटे से लगातार बातचीत कर रहे थे और कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। यह अच्छी खबर है, लेकिन बुरी खबर यह है कि हम किसी समझौते पर नहीं पहुंच सके।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका ने अपनी ‘रेड लाइन’ और उन मुद्दों को साफ कर दिया था, जिन पर वह समझौता करने को तैयार है और जिन पर नहीं। उनके अनुसार, ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने अमेरिकी शर्तों को स्वीकार नहीं करने का फैसला किया।

अमेरिका-ईरान वार्ता में कौन-कौन थे शामिल?

शनिवार को दोनों पक्ष इस्लामाबाद पहुंचे थे, ठीक चार दिन बाद जब ईरान और अमेरिका ने दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा की थी। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल में विशेष दूत Steve Witkoff और राष्ट्रपति ट्रंप के दामाद Jared Kushner शामिल थे, जबकि ईरानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संसद अध्यक्ष Mohammad Bagher Ghalibaf कर रहे थे और इसमें विदेश मंत्री Abbas Araghchi समेत अन्य अधिकारी भी शामिल थे।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article