दुनिया

US Iran War: ईरान पर अमेरिका का फिर हमला! लगातार छठी रात बरसे बम; बंदर अब्बास में 7 की मौत

US-Iran Conflict: पश्चिम एशिया में युद्ध के हालात एक बार फिर नजर आए हैं। CENTCOM ने बयान जारी कर बताया है कि अमेरिका ने लगातार छठी रात ईरान पर ताबड़तोड़ हवाई हमले किए हैं। बंदर अब्बास और बुशहर में भीषण धमाकों के बीच कई लोगों के मौत की भी खबर है।

Image

मिडिल ईस्ट में गश्त करता अमेरिकी वायु सेना का F-16 जेट (X/@CENTCOM)

US Iran Conflict: पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर पहुंच गया है। दोनों देशों के बीच हुए 14-सूत्रीय समझौता ज्ञापन (MoU) के पूरी तरह ध्वस्त होने के बाद शत्रुता लगातार बढ़ती जा रही है। अमेरिकी सेना ने गुरुवार (स्थानीय समयानुसार) को ईरान के खिलाफ हवाई हमलों का एक नया और बेहद आक्रामक दौर शुरू किया। यह लगातार छठी रात है जब अमेरिकी लड़ाकू विमानों और मिसाइलों ने ईरान के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है।

CENTCOM का दावा: ईरान की सैन्य क्षमता को तबाह करना मकसद

यूएस सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इस ताजा सैन्य कार्रवाई की पुष्टि की है। CENTCOM के अनुसार, "अमेरिकी बलों ने ईरान की सैन्य क्षमताओं को और कमजोर करने के लिए लगातार छठी रात नए सिरे से हमले शुरू किए।" वाशिंगटन का दावा है कि तेहरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक जहाजों के लिए एक बड़ा खतरा बना हुआ है, जिसे नाकाम करना बेहद जरूरी है।

इससे पहले बुधवार रात को खत्म हुए सैन्य अभियान में अमेरिकी सेना ने सटीक-निर्देशित हथियारों का इस्तेमाल कर ईरान के कमांड सेंटरों, वायु रक्षा प्रणालियों, मिसाइल व ड्रोन ठिकानों और तटीय निगरानी केंद्रों को पूरी तरह नेस्तनाबूद कर दिया था।

ईरान में मची तबाही, रिहायशी इलाकों में गिरे बम

दूसरी तरफ, ईरानी सरकारी मीडिया आउटलेट 'इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग' (IRIB) ने अमेरिकी हवाई हमलों के बाद दक्षिणी ईरान में एक के बाद एक कई भीषण विस्फोटों की पुष्टि की है। ईरान के प्रमुख बंदरगाह शहर बंदर अब्बास के पश्चिमी हिस्सों में सिलसिलेवार धमाके सुने गए। शहर के निकट स्थित तीन महत्वपूर्ण सड़क पुलों को निशाना बनाया गया। हमले के समय एक ईंधन टैंकर इनमें से एक पुल से गुजर रहा था, जिसमें आग लग गई। ईरानी मीडिया के अनुसार, बंदर अब्बास को शिराज से जोड़ने वाला एक प्रमुख पुल, जिसे बंदर अब्बास–कहूरेस्तान–लार पुल के नाम से जाना जाता है, उसपर भी बमबारी हुई है। इस हमले में 7 लोगों के मौत की बात कही जा रही है। हॉर्मोजगान यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज के मुताबिक, शहर के एक रिहायशी इलाके 'तपे अल्लाह अकबर' पर हुए हमले में कम से कम 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी अस्पतालों और रेस्क्यू टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। वहीं बुशहर प्रांत के गवर्नर ने भी अपने क्षेत्र में दो बड़े धमाकों की पुष्टि करते हुए इसे अमेरिकी आक्रामकता का हिस्सा बताया है। इसके अलावा, केशम द्वीप के मसान गांव के पास भी आठ और भीषण विस्फोटों की आवाज सुनी गई।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article