दुनिया

'उत्तरी गाजा में लोग मरने का कर रहे इंतजार', UN एजेंसी चीफ ने की तत्काल युद्धविराम की अपील

Israel Palestine War: फिलीस्तीन शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र राहत एवं कार्य एजेंसी के प्रमुख फिलिप लाजारिनी ने उत्तरी गाजा में तत्काल युद्धविराम की अपील की। उन्होंने कहा कि हर जगह मौत की गंध है, शव सड़कों पर या मलबे के नीचे पड़े हैं। शवों को हटाने या मानवीय सहायता प्रदान करने के मिशनों को अस्वीकार कर दिया गया है।

Image

उत्तरी गाजा

Photo : AP

Israel Palestine War: फिलीस्तीन शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र राहत एवं कार्य एजेंसी (UNRWA) के प्रमुख फिलिप लाजारिनी ने उत्तरी गाजा में तत्काल लड़ाई को रोकने के लिए अपील की, ताकि वहां फंसे नागरिकों तक मानवीय सहायता पहुंचाई जा सके। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि यूएनआरडब्ल्यूए के कर्मचारियों ने युद्धग्रस्त क्षेत्र में भोजन, पानी या दवा नहीं मिलने की सूचना दी है।

'मलबे के नीचे पड़े हैं शव'

फिलिप लाजारिनी ने कहा, "हर जगह मौत की गंध है, शव सड़कों पर या मलबे के नीचे पड़े हैं। शवों को हटाने या मानवीय सहायता प्रदान करने के मिशनों को अस्वीकार कर दिया गया है।" यूएन एजेंसी चीफ ने आगे कहा, 'उत्तरी गाजा में लोग बस मरने का इंतजार कर रहे हैं। वे खुद को अकेला, निराश और अकेला महसूस कर रहे हैं। वे एक घंटे से दूसरे घंटे तक जीते हैं, हर पल मौत से डरते हैं।'

लाजारिनी ने लिखा, 'उत्तरी गाजा में हमारे कर्मचारियों की ओर से मैं तत्काल युद्धविराम की मांग कर रहा हूं, भले ही कुछ घंटों के लिए, ताकि उन परिवारों के लिए सुरक्षित मानवीय मार्ग सुनिश्चित हो सके, जो क्षेत्र को छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचना चाहते हैं। यह उन नागरिकों की जान बचाने के लिए न्यूनतम है जिनका इस संघर्ष से कोई लेना-देना नहीं है।'

अबतक कितने लोगों की हुई मौत

अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक 7 अक्टूबर, 2023 से अबतक गाजा में इजरायली हमलों में कम से कम 42,718 लोग मारे गए हैं और 100,282 घायल हुए हैं। गौरतलब है कि हमास ने पिछले साल 7 अक्टूबर को इजरायल में हमला किया था। हमले में करीब 1200 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 250 से अधिक लोगों कों बंधक बना लिया था। इसके बाद से इजरायल हमास के कंट्रोल वाली गाजा पट्टी पर हमले कर रहा है।

(इनपुट: आईएएनएस)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article