दुनिया

अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा हिजबुल्लाह, इजरायल पर फिर दागे 20 रॉकेट

Israel-Hezbollah War: हिजबुल्लाह ने मंगलवार सुबह तेल अवीव क्षेत्र और इजरायल पर लगभग 20 रॉकेट दागे। इजरायल रक्षा बलों ने एक बयान में कहा कि लेबनान से तेल अवीव क्षेत्र की ओर बढ़ते हुए पांच रॉकेट की पहचान की गई, जिनमें से ज्यादातर को रोक दिया गया, जबकि कुछ रॉकेट खुले क्षेत्रों में जा गिरे।

Image

हिजबुल्लाह ने इजरायल पर दागे रॉकेट (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : AP

Israel-Hezbollah War: हिजबुल्लाह ने मंगलवार सुबह तेल अवीव क्षेत्र और इजरायल पर लगभग 20 रॉकेट दागे। रॉकेट हमले में किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है। इजरायल रक्षा बलों ने एक बयान में कहा कि लेबनान से तेल अवीव क्षेत्र की ओर बढ़ते हुए पांच रॉकेट की पहचान की गई, जिनमें से ज्यादातर को रोक दिया गया। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

हवा में नष्ट किए गए रॉकेट

ऊपरी गलील और उत्तरी गोलान हाइट्स की ओर लगभग 15 और मिसाइलें दागी गईं। इजरायली रक्षा बलों ने कहा, "कुछ रॉकेटों को रोक दिया गया और बाकी खुले क्षेत्रों में जा गिरे।" इजरायल की मैगन डेविड एडोम बचाव सेवा ने बताया कि हाइफा के दक्षिण में छर्रे लगने से एक व्यक्ति मामूली रूप से घायल हो गया। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने पुलिस के हवाले से बताया कि इस क्षेत्र में एक आवासीय इमारत और एक वाहन को हल्का नुकसान पहुंचा है।

हिजबुल्लाह ने एक बयान में कहा कि समूह ने हाइफा में एक सैन्य अड्डे और ग्लिलोट परिसर को निशाना बनाया, जहां मोसाद मुख्यालय और यूनिट 8200, एक विशिष्ट साइबर खुफिया इकाई स्थित है।

IDF ने क्या कुछ कहा

बता दें कि हाल ही में आईडीएफ ने कहा था कि उसके लड़ाकू विमानों ने हिजबुल्लाह के खुफिया विभाग के एक कमांड सेंटर और बेरूत में एक अंडरग्राउंड हथियार मैन्युफैक्चरिंग साइट पर हमला किया था। हालांकि, इससे पहले आईडीएफ ने क्षेत्र में नागरिकों को निकासी की चेतावनी जारी की थी। इसके अलावा दक्षिणी लेबनान में अलग-अलग हमलों में इजरायली सेना ने हिजबुल्लाह के तीन प्रमुख सदस्यों को मार गिराया था।

आईडीएफ ने बताया था कि हमले में मरने वालों के अल-हज्ज अब्बास सलामेह, हिजबुल्लाह के दक्षिणी मोर्चे का एक वरिष्ठ सदस्य; रेडा अब्बास औदा, एक कम्युनिकेशन एक्सपर्ट और अहमद अली हुसैन बताए हैं। हुसैन हथियार निर्माण की जिम्मेदारी संभाल रहा था।

(इनपुट: आईएएनएस)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article