दुनिया

रातभर हमले कर रहा रूस, पर यूक्रेन पड़ रहा भारी! 58 हमलावर ड्रोनों को मार गिराया

Russia-Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। इस बीच, यूक्रेन ने दर्जनों रूसी हमलावर ड्रोनों को मार गिराया है। यूक्रेन की वायुसेना के मुताबिक, रूस ने रातभर में यूक्रेन के ऊपर 67 ड्रोन हमले किये जिसमें से 58 ड्रोनों को मार गिराया गया है।

Image

यूक्रेन ने रूसी ड्रोनों को मार गिराया

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • रूस ने रातभर में किये 67 ड्रोन हमले।
  • यूक्रेन के संसद भवन के पास ड्रोन का मलबा बरामद।
  • संसद भवन को नहीं हुआ कोई नुकसान।

Russia-Ukraine War: रूस की तरफ से लगातार की जा रही बमबारी के बीच शनिवार को यूक्रेन में दर्जनों हमलावर ड्रोन को मार गिराया गया। यूक्रेन की वायुसेना ने कहा कि रातभर में देश के ऊपर 67 ड्रोन हमले किये गये तथा राजधानी कीव सहित देश भर के 11 क्षेत्रों में हवाई सुरक्षा तंत्र को सक्रिय किया गया। उसने कहा कि 58 ड्रोनों को मार गिराया गया तथा तीन अन्य को इलेक्ट्रॉनिक हथियार प्रणालियों द्वारा नष्ट कर दिया गया।

पूरी तरह सुरक्षित है यूक्रेन का संसद भवन

यूक्रेन की संसद वेरखोव्ना राडा के बाहर सड़क पर एक ड्रोन के मलबे की तस्वीरें ली गईं। यूक्रेन की संसदीय प्रेस सेवा ने पुष्टि की है कि ड्रोन के टुकड़े पाए गए हैं, लेकिन कहा कि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है और संसद भवन को कोई नुकसान नहीं हुआ है।

यह बमबारी यूक्रेन में एक सप्ताह से जारी लंबी दूरी से किये जा रहे हमलों के बाद हुई है, जिसमें मंगलवार को पोल्टावा शहर में यूक्रेनी सैन्य अकादमी और अस्पताल पर मिसाइल हमला भी शामिल है, जिसमें 55 लोग मारे गए और 328 अन्य घायल हो गए।

लवीव में हुए भीषण हमले में 7 की मौत

वहीं, लवीव में बुधवार को हुए एक अन्य हमले में सात लोगों की मौत हो गयी थी। इस बीच, कीव ने रूस के खिलाफ अपने हमले जारी रखे। शनिवार को वोरोनिश के रूसी सीमा क्षेत्र में, गवर्नर अलेक्जेंडर गुसेव ने कहा कि ड्रोन हमले से आग लग गई और विस्फोट हुआ।

सोशल मीडिया पर लिखते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र के ओस्ट्रोगोज्स्की जिले में आपातकाल की स्थिति घोषित कर दी गई है और कई गांवों को खाली करा दिया गया है।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article