यूक्रेन ने रूस पर बड़ा हमला किया है। रूस की राजधानी मॉस्को पर यूक्रेन ने हवाई हमला किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार रूस की ओर यूक्रने ने दर्जनों ड्रोन्स लॉन्च किए और फाइटर जेट से भी हमला बोला। रूस के अनुसार मॉस्को में घुसे यूक्रेन के 69 ड्रोन्स को मार गिराया गया है। यूक्रेन ने यह हमला तब किया है, जब आज शांति समझौते के लिए सऊदी अरब में अमेरिका और यूक्रेन के बीच मीटिंग होनी है।
मॉस्को पर ड्रोन से हमला
मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने बताया कि मंगलवार सुबह एक बड़े हमले में रूसी राजधानी को निशाना बनाकर लॉन्च किए गए कुल 69 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया गया। यह हमला, पिछले कुछ महीनो में सबसे बड़ा हमला है। मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम पर सोबयानिन ने बताया कि रूसी राजधानी के आसपास मॉस्को क्षेत्र के रामेंस्की और डोमोडेडोवो जिलों में कम से कम 11 ड्रोन को मार गिराया गया। उन्होंने यह नहीं बताया कि अन्य ड्रोन को कहां मार गिराया गया, उन्होंने केवल इतना बताया कि वे "मॉस्को की ओर उड़ रहे थे।"
एक की मौत
मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने कहा कि ड्रोन हमले के परिणामस्वरूप एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि हमले में रामेंस्की जिले में एक आवासीय इमारत में सात अपार्टमेंट क्षतिग्रस्त हो गए।
तीन हवाई अड्डे बंद
रूसी नागरिक उड्डयन प्राधिकरण रोसावियात्सिया के अनुसार, मॉस्को के तीन हवाई अड्डों से उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है, जिसमें शहर के दक्षिण और दक्षिण-पूर्व में डोमोडेडोवो और ज़ुकोवस्की और उत्तर में शेरेमेतयेवो शामिल हैं। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि डोमोडेडोवो रेलवे स्टेशन के माध्यम से ट्रेन यातायात भी रोक दिया गया है।
