Munich Conference: रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia Ukraine War) को समाप्त कराने को लेकर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने एक अहम टिप्पणी की है। उन्होंने रविवार (स्थानीय समयानुसार) कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप यूक्रेन युद्ध को हमेशा के लिए समाप्त कराने का इरादा रखते हैं।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबयो ने जेलेंस्की से की मुलाकात।
रुबियो ने म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन के दौरान यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की से मुलाकात की। मार्को रुबियो ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, " यूक्रेन की सुरक्षा और रक्षा एवं आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने के विषय पर यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की से मुलाकात की । राष्ट्रपति ट्रंप एक ऐसा समाधान चाहते हैं जिससे खून खराबा हमेशा के लिए समाप्त हो जाए।"
अमेरिका-रूस के बीच होगी बैठक
बता दें कि यह बैठक यूक्रेन , रूस और अमेरिका के बीच त्रिपक्षीय बैठक की पृष्ठभूमि में हो रही है , जिसके 17-18 फरवरी को जिनेवा में आयोजित होने की उम्मीद है। इससे पहले, जलेंस्की ने कहा था कि उन्होंने शांति वार्ता से पहले, चल रहे युद्ध के बीच यूक्रेन की स्थिति के बारे में रूबियो को जानकारी दी थी। उन्होंने रूबियो के साथ यूक्रेन के ऊर्जा संसाधनों पर रूसी हमलों के प्रभाव पर भी चर्चा की थी।जेलेंस्की ने आगे आगे कहा, "मैंने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ हुई हमारी मुलाकात के बारे में भी बात की । हम इस बात की बहुत सराहना करते हैं कि अमेरिका लगातार एक रचनात्मक दृष्टिकोण बनाए रखता है और लोगों की जान बचाने में सहायता करने के लिए तत्पर है। मैं राष्ट्रपति ट्रंप, उनकी टीम और संयुक्त राज्य अमेरिका की जनता को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं।" इससे पहले, अमेरिका , रूस और यूक्रेन ने जनवरी 2026 में संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी में त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की थी।
रूस-यूक्रेन युद्ध एक जटिल समस्या: ट्रंप
ट्रंप ने हाल ही में रूस-यूक्रेन के युद्ध को एक भयानक समस्या बताया था। ट्रंप ने कहा था कि वे वह दुनियाभर में शांति ला रहे हैं. ट्रंप का दावा है कि उन्होंने सिर्फ 10 महीनों के भीतर 8 युद्ध खत्म कराए हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि हम पूरी दुनिया में शांति ला रहे हैं। मैंने महज 10 महीनों में आठ युद्ध समाप्त किए। अभी कुछ और युद्ध समाप्त करने बाकी हैं, लेकिन विशेष रूप से रूस-यूक्रेन का युद्ध। यह एक जटिल समस्या है। यह एक भयानक स्थिति है। मुझे लगता है कि हम इसे सुलझा लेंगे। इसके लिए दोनों पक्षों के सहयोग की आवश्यकता होती है। आपको यह याद रखना होगा और हमें इसे हासिल करना ही होगा।
