Trump To Meet NATO Secretary General: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह यूक्रेन को पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम भेजेंगे। उनकी सरकार रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के यूक्रेन के साथ युद्ध खत्म करने से इनकार करने पर नाराज नजर आ रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने रविवार को मैरीलैंड के ज्वाइंट बेस एंड्रयूज में पत्रकारों से कहा, हम यूक्रेन को पैट्रियट भेजेंगे, जिनकी उन्हें सख्त जरूरत है। पुतिन ने वाकई बहुत लोगों को चौंका दिया है। वह दिन में अच्छी बातें करते हैं और फिर शाम को बमबारी कर देते हैं। इससे मुझे समस्या है। मुझे यह पसंद नहीं है।
यूक्रेन को हथियार देंगे ट्रंप (फोटो- एपी)
IANS की खबर के मुताबिक, ट्रंप ने बताया कि अभी इस पर फैसला नहीं लिया गया है कि यूक्रेन को कितने पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम भेजने हैं। ट्रंप ने कहा कि इस पर अभी फैसला नहीं किया है, लेकिन उन्हें कुछ तो भेजी ही जाएंगी, क्योंकि उन्हें सुरक्षा की जरूरत है। डोनाल्ड ट्रंप बीते हफ्ते यूरोप में नाटो सहयोगियों को हथियार बेचने का फैसला कर चुके हैं, ताकि वह उन्हें कीव को सौंप सकें। अमेरिकी राष्ट्रपति का कहना है कि यह एयर डिफेंस सिस्टम नाटो के यूक्रेन को भेजे जाने वाले हथियारों का हिस्सा होंगे, जिसके लिए नाटो अमेरिका को भुगतान करेगा। उन्होंने कहा, हम मूल रूप से उन्हें बहुत ही परिष्कृत सेना की विभिन्न टुकड़ियां भेजने जा रहे हैं। वह हमें उनके लिए शत प्रतिशत भुगतान करने जा रहे हैं।
नाटो महासचिव मार्क रूटे से मुलाकात करेंगे ट्रंप
वहीं, नाटो महासचिव मार्क रूटे इस हफ्ते राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति ने नाटो सहयोगियों को हथियार बेचने की योजना की घोषणा की है, जिसे वे यूक्रेन को दे सकते हैं। रूटे सोमवार और मंगलवार को वाशिंगटन में रहेंगे और ट्रंप, विदेश मंत्री मार्को रुबियो और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के साथ-साथ कांग्रेस के सदस्यों से भी बातचीत करने की योजना बना रहे हैं। रविवार रात वाशिंगटन पहुंचते ही ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, मैं कल आ रहे महासचिव से मुलाकात करूंगा। लेकिन हम उन्हें कई बेहद परिष्कृत हथियार भेजेंगे और वे हमें उनके लिए 100% भुगतान करेंगे।
यूक्रेन की मदद को तैयार दिख रहे ट्रंप
ट्रंप के एक शीर्ष सहयोगी, दक्षिण कैरोलिना की रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने रविवार को कहा कि यह संघर्ष एक निर्णायक मोड़ पर पहुंच रहा है क्योंकि ट्रंप रूस से लड़ने में यूक्रेन की मदद करने में बढ़ती रुचि दिखा रहे हैं। यह एक ऐसा मुद्दा है जिसे ट्रंप, जिन्होंने अपने चुनाव अभियान के दौरान युद्ध को जल्द खत्म करने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी थी, पहले अमेरिकी करदाताओं के पैसे की बर्बादी बताकर खारिज कर चुके थे।
सीबीएस के कार्यक्रम "फेस द नेशन" में ग्राहम ने कहा, आने वाले दिनों में आप यूक्रेन की रक्षा के लिए रिकॉर्ड स्तर पर हथियारों की आपूर्ति देखेंगे। पुतिन की सबसे बड़ी ग़लतियों में से एक ट्रंप को साधने की कोशिश है। और आप देखिए, आने वाले दिनों और हफ्तो में पुतिन को बातचीत की मेज पर लाने के लिए बड़े पैमाने पर प्रयास होने वाले हैं।
रूस पर बड़ा ऐलान कर सकते हैं ट्रंप
रूटे का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब पिछले हफ्ते ट्रंप ने संकेत दिया था कि वह सोमवार को रूस पर एक बड़ा बयान देंगे और यूक्रेन रूसी सेना द्वारा किए गए बड़े और हवाई हमलों को नाकाम करने के लिए संघर्ष कर रहा है। ट्रंप ने रविवार को अपनी आगामी घोषणा के बारे में और जानकारी देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, हम देखेंगे कि कल क्या होगा।
नाटो के जरिए यूक्रेन को मिल सकते हैं हथियार
वहीं, रुबियो ने शुक्रवार को कहा कि यूक्रेन जिन अमेरिकी हथियारों की तलाश कर रहा है, उनमें से कुछ यूरोप में नाटो सहयोगियों के पास तैनात हैं। उन्होंने कहा कि यूरोपीय देश अमेरिका से नए हथियार खरीदकर इन हथियारों को यूक्रेन को और तेजी से दे सकते हैं। फ्रांसीसी रक्षा मंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने रविवार को ला ट्रिब्यून डिमांचे में प्रकाशित एक साक्षात्कार में कहा कि यूरोपीय अधिकारी ट्रंप प्रशासन से आने वाले किसी भी पैकेज के साथ एयर डिफेंस क्षमताओं को मजबूत करने का आग्रह कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि फ्रांस के पास अभी कमी में है और यूक्रेन को नई जमीनी-हवाई मिसाइलें देने के लिए उसे अगले साल तक इंतजार करना होगा।
कहा- पुतिन खूबसूरती से बात करते हैं और रात में लोगों पर बम गिरा देते हैं
ट्रंप महीनों से रूस के तेल उद्योग पर नए प्रतिबंध लगाने की धमकी दे रहे थे, लेकिन उन्होंने ऐसा करने से परहेज किया है। लेकिन हाल के दिनों में ट्रंप, पुतिन से लगातार नाराज होते जा रहे हैं और युद्ध को लंबा खींचने के लिए रूसी नेता पर बार-बार निशाना साध रहे हैं। पुतिन पर अपने हालिया हमले में ट्रंप ने कहा, वह बहुत खूबसूरती से बात करते हैं और फिर रात में लोगों पर बमबारी कर देते हैं। हमें यह पसंद नहीं है। (पीटीआई इनपुट)
