Trump Tariffs: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर टैरिफ बम फोड़ा है। इस बार यूरोपीय संघ (EU) और मेक्सिको पर चाबुक चलाते हुए 30 फीसद आयात शुल्क लगाया, जो एक अगस्त से प्रभावी होगा। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किए गए पत्रों में अमेरिका के दो सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों पर टैरिफ लगाने का ऐलान किया।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
ट्रंप ने मेक्सिको को लिखा पत्र
ट्रंप ने मेक्सिको को लिखे पत्र में स्वीकार किया कि मेक्सिको ने अमेरिका में अवैध प्रवासियों को रोकने में मदद की, लेकिन उत्तरी अमेरिका में नार्को तस्करी के मैदान में बदलने से रोकने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए हैं।
ट्रंप ने यूरोपीय संघ को लिखे अपने पत्र में कहा कि अमेरिका का व्यापार घाटा राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है। पत्र में कहा गया कि हमने यूरोपीय संघ के साथ अपने व्यापारिक संबंधों पर वर्षों तक चर्चा की है, और हम इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि हमें आपके शुल्क और गैर-शुल्क नीतियों तथा व्यापार बाधाओं के कारण उत्पन्न इन दीर्घकालिक, बड़े और लगातार व्यापार घाटे से दूर होना चाहिए।
ट्रंप ने क्या कुछ कहा?
उन्होंने लिखा कि दुर्भाग्यवश, हमारे संबंध पारस्परिकता से कोसों दूर रहे हैं। ट्रंप अपने सहयोगियों और विरोधियों, दोनों के साथ नए शुल्क की घोषणाएं कर रहे हैं, जो उनके 2024 के चुनाव अभियान का आधार है। उन्होंने कहा था कि यह अमेरिकी अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने की नींव रखेगा। उनका दावा है कि दशकों से अन्य देशों ने अमेरिका की अर्थव्यवस्था का दोहन किया है।
जवाबी शुल्कों के जरिए, ट्रंप विश्व व्यापार को नियंत्रित करने वाले नियमों में भारी उलटफेर कर रहे हैं। ट्रंप ने शनिवार के पत्रों के साथ अब तक 24 देशों और 27 सदस्यीय यूरोपीय संघ पर शुल्क की शर्तें लागू कर दी हैं।
