US Iran Conflict: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर तेल की कीमतें बढ़ाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि ईरान अमेरिकी मध्यावधि चुनावों से पहले तेल की कीमत बढ़ाने के लिए हर मुमकिन कोशिश कर रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि ईरान फर्जी हमलों और बारूदी सुरंगों की मनगढ़ंत कहानियां गढ़ रहा है, जबकि होर्मुज स्ट्रेट से संघर्ष शुरू होने से पहले की तुलना में भी अधिक तेल गुजर रहा है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट में कहा, ''अब होर्मुज स्ट्रेट से संघर्ष शुरू होने से पहले की तुलना में भी अधिक तेल गुजर रहा है। इसके बावजूद, ईरान तेल की कीमतें बढ़ाने के लिए हर संभव कोशिश कर रहा है।''
ट्रंप ने ईरान पर लगाए गंभीर आरोप
ट्रंप ने ईरान की सरकार पर प्रदर्शनकारियों की हत्या करने और रास्ते में आने वाले अन्य लोगों के खिलाफ हिंसा करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने ईरानी शासन को 'दुष्ट' बताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अमेरिकी जनता और पूरी दुनिया यह समझेगी कि वे कितने क्रूर हैं!
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: फ्रांस में कर्फ्यू और प्रदर्शनों के बीच भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी, प्रदर्शन स्थलों से दूर रहने की सलाह, हेल्पलाइन नंबर जारी
'ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे'
उन्होंने आगे कहा, ''सात महीनों से भी कम समय में 75,000 प्रदर्शनकारी मारे जा चुके हैं। यह बेहद चौंकाने वाला है कि दुनिया और 'डेमोक्रेट पार्टी' को इसकी कोई परवाह नहीं है।'' ट्रंप ने एक बार फिर दोहराया कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होना चाहिए और वह उसे कभी परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे।
ट्रंप का बयान ऐसे मौके पर आया जब ईरान ने दावा किया कि होर्मुज में बीती रात उसके हमलों या समुद्री बारूदी सुरंगों में विस्फोट के कारण सात तेल टैंकरों में आग लग गई या वे क्षतिग्रस्त हो गए। व्यापक स्तर पर युद्ध फिर शुरू होने की आशंकाओं के बीच बढ़ते तनाव के दौर में यह संख्या असामान्य रूप से अधिक है।
